Chandrapur News: संपत्ति विवाद में पिता की निर्मम हत्या कर बेटा पत्नी के साथ फरार

संपत्ति विवाद में पिता की निर्मम हत्या कर बेटा पत्नी के साथ फरार
पुलिस को गुमराह करने आरोपियों ने पहले दी गलत जानकारी

Chandrapur News संपत्ति विवाद में पिता की कपड़े धोने वाली बैट से सिर पर हमला कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला बल्लारपुर में सामने आया है। इस मामले में बल्लारपुर पुलिस ने मृतक के बेटे राजू काटीक और बहू रवलिका राजू काटीक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक उपेंद्र काटीक (65) बल्लारपुर के फूलसिंह नाईक वार्ड क्षेत्र में रहते थे। उनका बड़ा बेटा रवींद्र उपेंद्र काटीक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ हैदराबाद में रहकर सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य करता है। रवींद्र द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनका छोटा भाई राजू काटीक संपत्ति को लेकर अपने माता-पिता से अक्सर विवाद करता था। 10 जून की रात उपेंद्र काटीक पर हमले की सूचना रवींद्र काटीक को फोन पर मिली।

अगले दिन उन्हें बताया गया कि उनके पिता की हालत अत्यंत गंभीर है। सूचना मिलते ही रवींद्र हैदराबाद से नागपुर स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने अपने पिता को गंभीर सिर की चोटों के साथ बेहोशी की हालत में पाया। इलाज के दौरान 24 जून को उपेंद्र काटीक की मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद अजनी पुलिस ने अस्पताल में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

बताया गया कि शुरुआत में परिजनों को यह जानकारी दी गई थी कि उपेंद्र काटीक बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उन्हें चोट लगी। हालांकि अंतिम संस्कार के बाद रवींद्र काटीक ने बल्लारपुर पुलिस थाने में 26 जून को शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके पिता की हत्या संपत्ति विवाद के कारण की गई है। पुलिस ने राजू काटीक और रवलिका राजू काटीक के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


Created On :   28 Jun 2026 3:45 PM IST

Tags

Next Story