Chhindwara News: गोटमार में आठ सौ घायल, गंभीर घायल दो नागपुर व एक छिंदवाड़ा रेफर

गोटमार में आठ सौ घायल, गंभीर घायल दो नागपुर व एक छिंदवाड़ा रेफर
  • गोटमार में आठ सौ घायल
  • गंभीर घायल दो नागपुर व एक छिंदवाड़ा रेफर
  • पांढुर्ना-सावरगांव के बीच जाम नदी पर गोटमार मेला संपन्न

Chhindwara News: पांढुर्ना शहर में शनिवार को पांढुर्ना-सावरगांव के बीच जाम नदी पर गोटमार मेला संपन्न हुआ। पांढुर्ना-सावरगांव पक्ष के खिलाडिय़ों ने पत्थरबाजी कर परंपरा निभाई। मेले में हुई पत्थरबाजी में दोनों पक्षों के करीब आठ सौ खिलाड़ी घायल हुए। जिसमें से 72 गंभीर घायलों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से दो घायल ज्योतिराम उईके व बंटी दीपक राउत सघन उपचार के लिए नागपुर और एक घायल नीतेश उमाजी कड़वे छिंदवाड़ा रेफर किए गए। इसके पहले शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को श्रद्धालुओं ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में पलाश के पेड़ रूपी झंडे को जामनदी के बीच में गाड़ा। साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर झंडे का पूजन किया।

चंडी माता मंदिर में लगा तांता

मेले की आराध्य देवी मां चंडिका मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और खिलाडिय़ों ने चंडी माता के दर्शन कर मेले में भाग लिया। दिन भर पत्थरबाजी जारी रही। भक्तों के लिए बजरंग कांवड़ संघ पांढुर्ना ने महाप्रसाद वितरित किया।

कलेक्टर ने दूरबीन से रखी नजर

मेले में शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए कलेक्टर अजय देव शर्मा ने केकतपुरे श्रीराम मंदिर में बने कंट्रोल रूम से दूरबीन के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। साथ ही एसपी सुंदरसिंह कनेश, एएसपी नीरज सोनी, एडीएम नीलमणि अग्निहोत्री सहित प्रशासनिक व पुलिस अमला व्यवस्थाओं व निगरानी में जुटा रहा।

चार मेडिकल कैंपों में हुआ उपचार

मेले के दौरान पत्थरबाजी में घायल खिलाडिय़ों के उपचार के लिए पांढुर्ना और सावरगांव दोनों ओर दो-दो अस्थाई मेडीकल कैंप लगाए गए थे। जिसमें चिकित्सा विभाग की टीम घायलों के उपचार में जुटी रही। आवश्यक उपचार के लिए घायलों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। कैंपों पर राजस्व, नपा, शिक्षा व पुलिस अमला तैनात रहा।

खिलौने-मनिहारी से सजा बाजार

मेले के आयोजन के दौरान गुजरी बाजार, शुक्रवार बाजार, तीनशेर चौक, पंचशील चौक और शहर के आंतरिक मार्गों पर खिलौने का बाजार सजा रहा। इसके अलावा मनिहारी, पूजन सामग्री, कपड़े, घरेलू सामान सहित कई प्रकार के मनोरंजक खेल आदि की अस्थाई दुकानें भी सजी रही।

विधायक ने निभाई परंपरा

गोटमार मेले के दौरान विधायक नीलेश उईके ने पहुंचकर परंपरा निभाते हुए पांच पत्थर मारे। उन्होंने नगर कांग्रेस अध्यक्ष जयंत घोड़े, जिला सोशल मीडिया देवकांत मांडोगड़े, युवक कांग्रेस अध्यक्ष बंटी ठाकुर, आकाश कोल्हे आदि कार्यकर्ताओं के साथ मां चंडिका के दर्शन किए और मेले का भ्रमण किया।

Created On :   24 Aug 2025 4:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story