Delhi News: देश में श्वान के काटने के रोजाना आते हैं 20 हजार से अधिक मामले

- दिल्ली में आते हैं रोजाना ऐसे 2,000 मामले
- संबंधित नियम में बदलाव करने केन्द्रीय मंत्री से मिलेंगे विजय गोयल
Delhi News देश भर में आवारा श्वानों की बढ़ती हुई समस्या को लेकर अभियान चला रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल जल्द ही केन्द्रीय मत्स्य, पषुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह से भेंट करेंगे। कुत्तों की लगातार बढ़ती संख्या से चिंतित गोयल केन्द्रीय मंत्री से ‘पशु जन्म नियंत्रण नियम- 2023’ में बदलाव की मांग करेंगे।
गोयल ने कहा यदि कुत्तों की आबादी इसी रफ्तार से बढ़ती रही तो एक दिन ये मानव जनसंख्या से कहीं अधिक हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश भर में आवारा कुत्तों की हर राज्य में समस्याएं हैं। प्रतिदिन 20,000 मामले कुत्तों के काटने के देश भर में आते हैं और अकेले दिल्ली में ऐसे 2,000 मामले आ रहे हैं। सिर्फ राम मनोहर लोहिया अस्पताल में प्रतिदिन 200 से अधिक मामले कुत्तों के काटने के आते हैं।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने एनिमल वेलफेयर बोर्ड की ओर से जो ‘पशु जन्म नियंत्रण नियम- 2023’ बनाए गए हैं, उनमें बदलाव की जरूरत है, अन्यथा नागरिकों का अपने घर और मोहल्ले में रहना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘पशु जन्म नियंत्रण नियम- 2023’ के नियमों को वापस ले लेना चाहिए, या उसमें पुनः विचार कर संशोधन करने चाहिए। आवारा जानवरों में सबसे ज्यादा समस्याएं आवारा कुत्तों की हैं और उसके बाद गाय और बंदरों की है।
Created On :   5 April 2025 6:11 PM IST