Delhi News: नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ- 2027 , रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल योजनाओं की समीक्षा की

- स्टेशनों की क्षमता विस्तार के लिए एक एकीकृत योजना
- अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
Delhi News रेल मंत्रालय ने महाराष्ट्र के नासिक-त्रयंबकेश्वर में 2027 में आयोजित होने सिंहस्थ के लिए अग्रिम तैयारियां आरंभ कर दी हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को योजनाओं की समीक्षा की। मध्य रेलवे के जीएम, भुसावल डिवीजन के डीआरएम और अन्य अधिकारियों ने मंत्रियों तथा रेलवे बोर्ड को इसकी योजना और कार्यान्वयन की स्थिति के बारे में जानकारी दी।
सिंहस्थ मेला क्षेत्र से संपर्क सुदृढ़ बनाने के लिए रेलवे व्यापक बुनियादी ढांचे और प्रचालनगत उन्नयन का कार्य आरंभ करेगा। इसके लिए पूरे क्षेत्र में स्टेशनों की क्षमता विस्तार के लिए एक एकीकृत योजना तैयार की है। इसका लक्ष्य नासिक सिंहस्थ 2027 के दौरान यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है। रेल मंत्री ने अधिकारियों से महाकुंभ 2025 के अनुभव से प्राप्त सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों को नासिक के सभी निकटवर्ती स्टेशनों पर पर्याप्त सुविधाएं विकसित करने की सलाह दी।
अधिकारियों ने बताया कि मेला क्षेत्र के आसपास के 5 प्रमुख स्टेशनों नासिक रोड, देवलाली, ओढ़ा, खेरवाड़ी और कसबे सुकेणे पर यात्री यातायात का प्रबंधन किया जाएगा। सभी पांचों स्टेशनों पर विभिन्न यात्री सुविधाओं के विकास की योजना है। इनमें कवर्ड ओवर प्लेटफॉर्म, पानी की टंकियां, नए शौचालय और वाटरप्रूफ होल्डिंग एरिया शामिल हैं। सर्कुलेटिंग एरिया, रास्ते, प्रवेश/निकास मार्ग और यात्री सूचना प्रणालियों को भी उन्नत करने की योजना है। रेलवे उपरोक्त कार्यों को 2 वर्षों की समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए तत्पर है। कुल 65 प्रस्तावित कार्यों में से 33 के आकलनों को पहले ही स्वीकृत दी जा चुकी है।
Created On :   25 July 2025 7:45 PM IST