महाराष्ट्र को तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कार

महाराष्ट्र को तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली । जल प्रबंधन एवं संवर्धन में उत्कृष्ट कार्य के लिए महाराष्ट्र को तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कार मिले हैं। पुरस्कार पाने वालों में सातारा की मलकापुर नगर परिषद, जालना जिले की कडेगाव ग्राम पंचायत और एक गैर सरकारी भारतीय जैन संस्था शामिल है। यह पुरस्कार केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के हाथों प्रदान किए गए।

जल शक्ति मंत्रालय की ओर से शनिवार को यहां विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में चौथे राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रदान किए गए। 2022 के लिए विजेताओं को विभिन्न 11 श्रेणियों में कुल 41 पुरस्कार दिए गए। विभिन्न श्रेणियों में पहला स्थान प्राप्त करने वाले राज्यों, शहर, महानगर पालिका, नगर पालिका और ग्राम पंचायतों को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शेष को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने पुरस्कृत किया।

उत्कृष्ट ग्राम पंचायत श्रेणी में जालना जिले की कडेगाव ग्राम पंचायत को तृतीय पुरस्कार मिला। ग्राम पंचायत द्वारा चलाए गए विभिन्न उपक्रमों के माध्यम से गांव के जल संकट को हमेशा के लिए दूर किया गया। पुरस्कार सरपंच दत्तू निबांलकर, पूर्व सरपंच भीमराव जाधव और खरपुडी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ एस वी सोनुने ने स्वीकारा। सातारा जिले की मलकापुर नगर पालिका को भी उत्कृष्ट स्थानीय निकाय श्रेणी में तृतीय पुरस्कार मिला। यह पुरस्कार नगर अध्यक्ष निलम येडगे, उप नगराध्यक्ष एवं स्वास्थ्य सभापति मनोहर शिंदे ने स्वीकारा। नगर परिषद ने 2009 से चौबीस घंटे नल से जल आपूर्ति योजना कार्यान्वित रखी है। इसके अलावा पुणे की भारतीय जैन को गैर सरकारी संगठन श्रेणी में तृतीय पुरस्कार मिला, जिसे संस्था के प्रमुख शांतिलाल मुथा और निदेशक स्वप्ना पाटील ने स्वीकार किया। यह संस्था पिछले 37 सालों से जल स्रोत विकास, मूल्य आधारित स्कूली शिक्षा और आपदा प्रबंधन पर कार्यरत है।

Created On :   17 Jun 2023 2:36 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story