- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हाईवे पर 3 घंटे लगाया जाम,...
jabalpur news: हाईवे पर 3 घंटे लगाया जाम, प्रदर्शनकारियों ने कहा- हादसा नहीं हत्या का मामला दर्ज हो

जबलपुर। नरसिंहपुर के ग्राम सुआतला क्षेत्र मंे हाथीनाला के पास रविवार की शाम बेकाबू हुए डम्पर ने सड़क किनारे खड़े कार सवार 6 युवकों को कुचल दिया था। इनमें से 5 की मौत हो गई थी। पीएम के बाद मृतकों के शवों को उनके गृहग्राम बेलखेड़ा लाया गया। जहां घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने पावला तिराहे पर चकाजाम प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से साजिश कर युवकों की हत्या की गई है। करीब 3 घंटे तक चले प्रदर्शन के उपरांत पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, उसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
ज्ञात हो कि रविवार शाम नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना अंतर्गत हाथीनाला वाॅटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौटते समय एनएच-45, इंदिरा नगर ग्राम के पास सेल्फी ले रहे छह युवकों को डम्पर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में सभी 6 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से 5 युवकों की मौत हो गई।
सड़क हादसे से गुस्साए मृतकों के परिजन और ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर 12 बजे पावला तिराहे एनएच- 45 पर चकाजाम कर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। हंगामे की सूचना पर पहुंचे एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इस दौरान पूर्व विधायक बरगी, भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष संजू झारिया भी पहुंचे। प्रदर्शन के चलते पावला तिराहे पर तीनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। प्रदर्शन समाप्त होने पर पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आवागमन सुचारु कराया।
पांंच युवकों की मौत, एक गंभीर
हादसे में वीरेंद्र सिंह लोधी उम्र 20 वर्ष, राजेंद्र लोधी, राजपाल लोधी उम्र 21 वर्ष तीनों निवासी बेलखेड़ा पावला, जयपाल लोधी उम्र 30 वर्ष बरपटी एवं नीरज सिंह उम्र 25 वर्ष की मौत हो गई थी। वहीं आकाश लोधी गंभीर रूप से घायल हो गया था। एएसपी शर्मा ने बताया कि हादसे में रविवार को डम्पर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच मंे जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जंगल में डम्पर छोड़कर भागा चालक
नरसिंहपुर एसपी रिषीकेश मीना के अनुसार हादसे के बाद आरोपी डम्पर चालक मौके से भागा और सुआतला के जंगल में डम्पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने जंगल से बिना नंबर का डम्पर जब्त किया है। डम्पर बेलखेड़ा निवासी आनंद राजपूत का है, जो कि फरार बताया जा रहा है। पुलिस डम्पर मालिक व चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।पी-2
Created On :   20 July 2026 11:10 PM IST












