- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हाई कोर्ट पहुंचीं मीनाक्षी नटराजन,...
jabalpur news: हाई कोर्ट पहुंचीं मीनाक्षी नटराजन, राज्यसभा सदस्य चुनाव नतीजे को दी चुनौती

जबलपुर। राज्यसभा सदस्य चुनाव नतीजे को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने मध्यप्रदेश हाई कोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने याचिका दायर करते हुए कहा कि मेरे चुनाव को निर्वाचन आयोग अधिकारी ने जिस तरह खारिज किया वो पूरी तरह से गलत है। मीनाक्षी नटराजन ने बताया कि नियमानुसार और प्रक्रिया के तहत 45 दिनों के भीतर याचिका दायर की गई है, जिस पर जल्द ही सुनवाई होगी। मंगलवार को शहर पहुंचीं कांग्रेस नेत्री सुश्री नटराजन ने कहा कि जिस केस का संज्ञान भी नहीं लिया गया उसे आधार बनाकर रद्द किया गया है।
सुश्री मीनाक्षी ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हाई कोर्ट से जरूर न्याय मिलेगा। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर में सोमवार को हुई घटना को लेकर केन्द्र सरकार को घेरते हुए कहा कि सोमवार का दिन देश के इतिहास का काला दिन था, क्योंिक वहां बेकसूर छात्राओं पर बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाई गईं। देश में अब जितने भी आंदोलन हो रहे हैं, सरकार की नजरों में उन्हें अब आतंकवादी बताया जा रहा है। हर आंदोलन को सरकार कुचलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लड़ाई लड़ी जा रही है वह देश के खिलाफ नहीं बल्कि देश के लिए लड़ी जा रही है। हाई कोर्ट जाने से पूर्व सुश्री नटराजन ने सर्किट हाउस क्रमांक-2 में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आगामी 6 व 7 अगस्त को होने वाले प्रशिक्षिण शिविर की तैयारियों का जायजा लिया।पी-2
... तो मैं सांसद रहना पसंद नहीं करूंगा- तन्खा
राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने भी दिल्ली में हुई घटना और सोनम वांगचुक का अनशन खत्म न होने पर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट लिखते हुए बताया कि सरकार अगर अनशन खत्म नहीं करवा पा रही है, तो यह पूरी सरकार की सामूहिक विफलता होगी। उन्होंने लिखा कि वांगचुक का अनिश्चितकालीन उपवास खत्म हो, यह सुनिश्चित करना संसद, सरकार और न्यायपालिका सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अगर उन्हें कोई नुकसान पहुंचता है, तो यह हम सबकी सामूहिक विफलता होगी। अगर ऐसा होता है, तो कम से कम मैं तो सांसद बने रहना बिल्कुल पसंद नहीं करूंगा।
Created On :   21 July 2026 10:59 PM IST












