- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- कृषि उपज मंडी में फिर हुआ जलभराव...
Jabalpur News: कृषि उपज मंडी में फिर हुआ जलभराव बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कृषि उपज मंडी में सोमवार को हुई हल्की बारिश ने प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी। महज कुछ घंटों की बारिश ने मंडी परिसर को तालाब में तब्दील कर दिया, जिससे अनाज और आलू-प्याज मंडी में भीषण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अभी तक सिर्फ टमाटर मंडी में जल भराव होता था लेकिन अब पूरी मंडी में पानी भरने लगा है। मंडी परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी दुकानों और खुले मैदानों में भर गया।
जलभराव के चलते ट्रकों और अन्य मालवाहक वाहनों के फंसने से दिन भर अफरा-तफरी का माहौल रहा। कीचड़ और पानी के बीच व्यापारियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा नुकसान किसानों और व्यापारियों का हुआ, जिनका अनाज और उपज भीगने से खराब होने की कगार पर पहुंच गई।
हर साल बनती है यह स्थिति
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी में ड्रेनेज सिस्टम की बदहाली और सफाई के अभाव के कारण हर साल यही स्थिति बनती है। मामूली बारिश में भी मंडी में जलजमाव होने से व्यापार ठप हो जाता है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। प्रशासन और मंडी प्रबंधन द्वारा बार-बार आश्वासन देने के बावजूद सुधार कार्य नहीं कराए जाते हैं।
राहत कार्य की मांग
समय रहते जल निकासी के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में और भी बड़ी समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। व्यापारियों और किसानों ने अब प्रशासन से ठोस और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि उन्हें इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।
Created On :   21 July 2026 4:50 PM IST












