अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत, एक गंभीर

ग्वारीघाट से लौटते समय रामपुर के समीप आधी रात में हुआ दर्दनाक हादसा

डिजिटल डेस्क जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में रामपुर तिराहे से बंदरिया के बीच बुधवार की देर रात ग्वारीघाट से लौट रहे बाइक सवार डिवाइडर से टकरा गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की मौत हो गयी। वहीं उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने गुरुवार की सुबह मृतकों के शवों को पीएम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर जाँच पड़ताल शुरू की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अग्रवाल कॉलोनी निवासी मुकेश रैकवार उम्र 26 वर्ष प्राइवेट जॉब करता था। बीती रात वह अपने दोस्त यादव कॉलोनी निवासी अभिषेक कुशवाहा उम्र 21 वर्ष व सतना से आए अपने साथी कृष्ण कुमार कुशवाहा के साथ बाइक से ग्वारीघाट गया था। वहाँ से लौटते समय रात 3 बजे के करीब वे रामपुर तिराहे से बंदरिया की ओर बढ़े, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार बाइक को कट मारते हुए निकली जिससे बाइक चालक हड़बड़ा गया और बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। टक्कर होने के बाद तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस व 108 को सूचना दी एवं घायलों को इलाज के लिए मेडिकल पहुँचाया। जहाँ मुकेश रैकवार व अभिषेक कुशवाहा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके तीसरे साथी कृष्ण की हालत नाजुक बताई जा रही है।

परिजनों को सुबह लगी जानकारी

मृतक के चचेरे भाई गोलू रैकवार ने बताया कि देर रात तक मुकेश व अभिषेक के वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह पुलिस ने कॉल करके परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना पाकर परिजन अस्पताल पहुँचे। मुकेश व अभिषेक को मृत अवस्था में देख दोनों परिवार मातम में डूब गए।

घायल के बयान हुए दर्ज

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बाइक सवार तीनों युवकों को बेहोशी की हालत में मेडिकल ले जाया गया था। वहाँ पर दो की मौत हो गयी थी और तीसरा साथी बेहोश था जिससे मृतकों के संबंध में जानकारी नहीं लग पा रही थी। सुबह घायल कृष्ण के होश में आने के बाद पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए, जिसके बाद मृतकों की पहचान हो सकी और घटना के कारणों का पता चल सका।

Created On :   15 Feb 2024 6:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story