अयोध्या दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे यात्रियों से भरी बस पलटी, 9 घायल

पनागर थाना क्षेत्र में बम्हनौदा तिराहे पर हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र मेें ग्राम बम्हनौदा तिराहे पर सोमवार की सुबह 6 बजे के करीब अयोध्या से महाराष्ट्र जा रही मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गयी। बस में महिलाओं, बच्चों सहित कुल 20 लोग सवार थे। बस पलटने से यात्रियों में कोहराम मच गया, जिसे सुनकर ग्रामीण मदद को दौड़े और बचाव कार्य करते हुए बस में सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में बस में सवार 9 यात्री घायल हुए थे जिन्हें इलाज के लिए पनागर अस्पताल पहुँचाया गया। घायल यात्री की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार जबलपुर-पनागर रोड पर हुए एक्सीडेंट की सूचना पर पहुँची पुलिस को महाराष्ट्र अहमदनगर निवासी मिनीनाथ शिंदे उम्र 39 वर्ष ने बताया कि बस में सवार यात्री 10 मार्च को अहमदनगर से मिनी बस एमएच 16 सीडी 4451 बुक करके बनारस देवरिया घूमने गये थे। अयोध्या में दर्शन करने के बाद 17 मार्च को बनारस से महाराष्ट्र जाने के लिए निकले थे। बस का चालक देवदास मिशाल बस को तेज रफ्तार से चला रहा था। रास्ते में बस में सवार लोगों ने चालक से कहा कि अगर उसे नींद आ रही है तो बस साइड में खड़ी करके सो जाए लेकिन वह नहीं माना और जैसे ही बस सुबह बम्हनौदा तिराहे के पास पहुँची चालक का नियंत्रण खोने से बस पलट गयी। घायल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मौके से बस जब्त की।

इलाज के बाद सभी डिस्चार्ज

हादसे में बस में सवार मिनीनाथ शिंदे, हिरामन वाघ, शीतल, दीपक वाघ, अनिता सिंह, शुभांगी शिंदे, आदिका उदमले, छाया माली, दत्तात्रय ओगले आदि घायल हो गये। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस से इलाज के लिए शासकीय अस्पताल पहुँचाया गया। घायल यात्रियों को इलाज के उपरांत हालत सामान्य होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।

Created On :   18 March 2024 5:16 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story