घर से बुलाकर मारी गोली, हत्या की वारदात से सनसनी

प्रॉपर्टी विवाद के चलते गोरखपुर क्षेत्र में हुई घटना, तीन हमलावरों के नाम आए सामने, भाजपा कार्यकर्ता है मृतक का छोटा भाई

डिजिटल डेस्क जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित जॉर्ज डिसिल्वा वार्ड में रहने वाले 50 वर्षीय संजय मिश्रा की मंगलवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने कॉल करके उन्हें घर से बुलाया और गोली मार दी। घायल को इलाज के लिए मेडिकल ले जाया गया। जहाँ देर रात उनकी मौत हो गयी। घटना में तीन हमलावरों के नाम सामने आए हैं। उस आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि मृतक संजय के छोटे भाई भाजपा कार्यकर्ता हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात 11बजे के करीब संजय मिश्रा को मोबाइल पर बंटी तिवारी ने कॉल करके घर के बाहर बुलाया था। दोनों के बीच बात होने के बाद संजय ने बाइक उठाई और गुप्ता टाल के पास पहुँचा। वहाँ पर बंटी अपने साथियों के साथ खड़ा था। वहाँ पर संजय और बंटी के बीच किसी प्रॉपर्टी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद बंटी ने करीब से संजय की पीठ पर फायर कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल संजय बाइक लेकर किसी तरह घर लौटा और परिजनों को अवगत कराया, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहाँ से उसे मेडिकल रेफर किया गया। जहाँ इलाज के दौरान रात ३ बजे के करीब घायल की मौत हो गयी। बताया गया है कि गोली पीठ के हिस्से से शरीर में घुसी और हार्ट को पंक्चर कर दिया था। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने पर बुधवार को मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।

एम्बुलेंस में रिकॉर्ड किया वीडियो

जानकारी के अनुसार गोली कांड में घायल संजय को उसके परिजन एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। उसी दौरान संजय के भांजे लवकुश पांडे ने मोबाइल पर वीडियो बना लिया। जिसमें संजय ने यादव कॉलोनी निवासी बंटी तिवारी व दो अन्य के नाम बताए हैं। परिजनों द्वारा यह वीडियो पुलिस को सौंपा गया है। जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

राजनीति में भी थे सक्रिय

जानकारी के अनुसार मृतक संजय मिश्रा ४ भाइयों में परिवार में सबसे बड़े थे। उनका छोटा भाई नरेश मिश्रा भाजपा का कार्यकर्ता है और वे खुद पूर्व में राष्टीय स्वयं सेवक संघ के अनुशांगिक संगठन से भी जुड़े थे। उनकी मौत को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

गोरखपुर क्षेत्र के बदमाशों के नाम

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जाँच में बंटी तिवारी के अलावा गोरखपुर क्षेत्र के दो बदमाश पिता-पुत्र के नाम भी सामने आ रहे हैं। इस आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। वहीं कुछ संदिग्धों की धरपकड़ कर उनसे भी पूछताछ की जा रही है। गोरखपुर थाना प्रभारी एमडी नागौतिया प्रारंभिक जाँच में प्रॉपर्टी का विवाद सामने आया है। गोलीकांड में मृतक संजय मिश्रा का मृत्यु पूर्व एक वीडियो बनाया गया है, जिसमें बंटी तिवारी व अन्य द्वारा हमला किया जाना बताया जा रहा है। उस आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

खँगाले जा रहे आसपास के कैमरे

देर रात हुई घटना में आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खँगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमलावरों की संख्या कितनी थी और वे कौन थे। वारदात करने के बाद वे किस दिशा में भागे हैं ताकि उनकी गिरफ्तारी की जा सके।

सदमे में हैं परिजन

देर रात हुई घटना को लेकर मृतक की पत्नी किरण का रो-रोकर बुरा है। जवान बेटे की मौत से पिता रामप्रकाश व माँ गायत्री सदमे हैं। वहीं करवा चौथ पर पत्नी किरण अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती कि उससे पहले ही पति की मौत की खबर से वह बदहवास हो गयी है। वहीं कॉलेज में पढऩे वाले इकलौते बेटे अक्षत का भी रो-रोकर बुरा हाल है। उसे पिता की मौत पर यकीन ही नहीं हो रहा है। परिजनों की यह हालत देख करीबी रिश्तेदार व आसपास के लोग उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं।

Created On :   1 Nov 2023 5:42 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story