Jabalpur News: 18 नए रूट को कनेक्ट करेंगी सिटी बसें, अब यात्री बस में देने हाेंगे हर 1 किमी के 2 रुपए

18 नए रूट को कनेक्ट करेंगी सिटी बसें, अब यात्री बस में देने हाेंगे हर 1 किमी के 2 रुपए
मनेरी और उमरिया डुंगरिया का आवागमन अब होगा आसान, जारी हुआ नोटिफिकेशन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। लंबी दूरी पर यात्री बसों को किराए में वृद्धि की गई है। यात्रियों को सीधे 1 किमी के लिए 2 रुपये देने होंगे। दूसरी सिटी बस के लिए 18 नये रूट तय किए गए हैं। मनेरी और उमरिया डुंगरिया के कारखानाें में काम करने वाले मजदूरों के लिए राहत भरी खबर है कि अब दोनों इंडस्ट्रियल एरिया तक बसों के संचालन का निर्णय प्रदेश सरकार ने लिया है।

बुधवार 5 अगस्त को जारी मध्यप्रदेश राज्यपत्र में इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस कदम से अब शहर और देहात के बीच सिटी बसों के साथ-साथ आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का भी रास्ता साफ हो गया है और बिना किसी अड़चन के इन निर्धारित 18 मार्गों पर बसें दौड़ सकेंगी।

एक बस आईएसबीटी से मनेरी के लिए चलेगी जो विजय नगर, रानीताल, गोराबाजार, बरेला होती हुई मनेरी पहुंचेगी। दूसरी बस रांझी से मेडिकल, तिलवारा होते हुए उमरिया डुंगरिया इंडस्ट्रियल एरिया तक पहुंचेगी। कामगारों को शासकीय दर पर आवागमन की सुविधा मिलने से बहुत सी मुश्किलों से छुटकारा मिलेगा। वहीं रोजगार के नए अवसर भी खुलने की संभावना बढ़ेगी। राज्यपत्र में इन दो मार्गों सहित कुल 18 मार्गों का नोटिफिकेशन किया गया है। बताया गया है कि जल्द ही इन बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।

परिवहन व्यवस्था को मिलेगी रफ्तार

परमिट की समस्या का समाधान { पहले कई ऑपरेटर्स को नए या ग्रामीण रूटों पर बसों का परमिट प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे यात्रियों को परेशानी होती थी। बसें संबंधित रूटों पर सफर करते हुए गंतव्य तक नहीं पहुंच पाती थीं।

शहर से देहात तक कनेक्टिविटी { इस नए बदलाव से जबलपुर शहर के मुख्य हिस्सों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के यात्रियों को किफायती, आधुनिक और बेहतर बस सेवा का सीधा लाभ मिलेगा। बसों को किन रूटों पर चलाया जाना है यह जेसीटीएसएल ही तय करेगा।

आसानी से परमिट { अब मार्गों के विधिवत अधिसूचित होने के बाद बिना किसी अड़चन के सिटी और ई-बसें आसानी से परमिट प्राप्त कर सकेंगी और सुचारु रूप से संचालित होंगी।

इस रूटों पर चलेंगी

पिपरिया से भेड़ाघाट, पाटन बायपास चौराहा से भेड़ाघाट धुआंधार, रेलवे स्टेशन से देवरी पनागर, तिलवारा घाट से देवरी पनागर, देवरी पनागर से भेड़ाघाट धुआंधार, आईएसबीटी से बरेला, आईएसबीटी से मनेरी, रेलवे स्टेशन से बरगी डैम, आईएसबीटी से बरगी नगर, आईएसबीटी से चरगवां, रेलवे स्टेशन से शहपुरा, रेलवे स्टेशन से पाटन, रेलवे स्टेशन से कटंगी बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन से मझौली, रेलवे स्टेशन से सिहोरा, आईएसबीटी से कुण्डम, रांझी से डुंगरिया इंडस्ट्रियल एरिया।

Created On :   6 Aug 2026 4:37 PM IST

Tags

Next Story