Jabalpur News: जनशिक्षक, बीएसी नियुक्ति में हो पारदर्शिता

जनशिक्षक, बीएसी नियुक्ति में हो पारदर्शिता
शिक्षकों ने कलेक्टर से बताईं समस्याएं, निर्देशों का पालन कराने की अपील

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा जनशिक्षक एवं बीएसी पदों पर नियुक्ति के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप चयन प्रक्रिया संचालित किए जाने की मांग को लेकर जिले भर के शिक्षकों ने कलेक्टर से मिलकर इस मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई। शिक्षकों ने मांग की है कि 6 अगस्त को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट जबलपुर में आयोजित होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शासन के निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप संपन्न कराई जाए।

शिक्षकों ने बताया कि राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जारी आदेश में जनशिक्षक एवं बीएसी पदों के लिए स्पष्ट पात्रता एवं अपात्रता संबंधी प्रावधान निर्धारित किए गए हैं। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की अनदेखी कर ऐसे अभ्यर्थियों को भी अवसर प्रदान किया जा सकता है, जो शासन द्वारा निर्धारित पात्रता मापदण्डों को पूर्ण नहीं करते हैं।

आवेदक पात्र हैं कि नहीं, पहले पता करें

शिक्षकों ने मांग की है कि काउंसलिंग प्रारंभ होने से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की पात्रता का प्रचलित नियमों एवं राज्य शिक्षा केन्द्र के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षण कराया जाए,ताकि केवल पात्र अभ्यर्थियों का ही चयन हो, कार्यरत जनशिक्षक बीएसी जिनके 4 वर्ष पूर्व में हो गए हैं तथा उम्र 52 वर्ष से ज्यादा हो गई है उनको प्रक्रिया में शामिल न किया जाये।

रादुविवि कर्मचारी संघ आज से शुरू करेगा क्रमिक अनशन

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ द्वारा गुरुवार से 36 सूत्रीय मांगों को लेकर क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष संजय यादव और महासचिव अंकित श्रीवास ने विवि प्रबंधन को सौंपे गए पत्र में कहा है कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित एवं न्यायोचित मांगों के निराकरण में लगातार हो रही उदासीनता के विरोध में संघ क्रमिक अनशन प्रारंभ करेगा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारी ने समस्त कर्मचारियों से सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने उपस्थित होने की अपील की है।

Created On :   6 Aug 2026 4:26 PM IST

Tags

Next Story