- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- विदाई की बेला में जमकर बरस रहे मेघ,...
Jabalpur News: विदाई की बेला में जमकर बरस रहे मेघ, नर्मदा फिर उफान पर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मानसून की विदाई के वक्त जबलपुर सहित आसपास के जिलों में बीते दो दिन में बादल जमकर बरसे। बरगी बांध के जल भराव एरिया में ज्यादा बारिश हुई और इसका नतीजा यह हुआ कि शनिवार को बांध के 12 गेट और खोलने पड़े। बीते दिन खुले 5 गेटों को मिलाकर अब बांध के कुल 17 गेटों को औसत 2.38 मीटर हाइट तक खोल दिया गया है। नर्मदा में बांध के गेटों से पानी आने के बाद घाट 15 फीट की सीमा तक भर चुके हैं।
पूरे बहाव क्षेत्र में नर्मदा उफान पर है। तिलवारा के पुराने बंद पड़े ब्रिज को बहता पानी टच कर रहा है। वहीं गौरीघाट के नावघाट में कई दुकानें पानी में आधी से भी ज्यादा तक डूब गई हैं। हालातों को देखते हुए प्रशासन ने नर्मदा के तटीय इलाकों में अलर्ट घोषित कर दिया है।
बताया गया है कि इस समय बरगी डेम के गेटों से नर्मदा में 5 हजार घन मीटर प्रति सेकेण्ड की रफ्तार से पानी आ रहा है। बांध का जल प्रबंधन देखने वाले राजा राम रोहित के अनुसार आगे अगर और तेज गति से पानी आता है तो जल की मात्रा को नियंत्रित करने के लिए कुछ और गेटों को खोला जा सकता है। फिलहाल जल स्तर उच्चतम सीमा से ऊपर है।
33 इंच से ऊपर पहुंचा बारिश का आंकड़ा
इधर शहर में बारिश का आंकड़ा अब 33 इंच से ऊपर पहुंच चुका है। शनिवार सुबह हुई बारिश को मिलाकर अब तक शहर में 845.2 एमएम बारिश हो चुकी है, जो 33 इंच से ज्यादा है। बारिश भले ही औसत के करीब नहीं पहुंच सकी, लेकिन मानसून के लौटने से पहले अंतिम दिनों में हुई बरसात ने काफी राहत दी है।
बांध पर एक नजर
वर्तमान जल स्तर 423.35
उच्चतम जल स्तर 422.76
बीते साल इसी दिन तक 422.55
(सभी जल स्तर मीटर में )
Created On :   27 Sept 2026 6:09 PM IST












