- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- एमए अंग्रेजी के फोर्थ सेमेस्टर में...
क्रिटिकल थ्योरी: एमए अंग्रेजी के फोर्थ सेमेस्टर में थमाए गए थर्ड सेम के पेपर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। इसका खामियाजा अब छात्र और छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। शनिवार को ऐसा मामला सामने आया जिसके लिए विवि के अधिकारियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए क्योंकि एक ही गलती दो बार दोहराई गई। दरअसल एमए अंग्रेजी के फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा में जो पेपर दिए जा रहे हैं वो थर्ड सेमेस्टर के हैं।
ऐसे में छात्राओं ने परीक्षा केन्द्र से निकलकर विरोध जताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि विवि की इस लापरवाही से उनका भविष्य मुसीबत में पड़ गया है। छात्र-छात्राओं ने बताया कि एमए अंग्रेजी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों को 24 सितंबर को आयोजित पहले पेपर क्रिटिकल थ्योरी में तृतीय सेमेस्टर का प्रश्नपत्र वितरित कर दिया गया।
इसके बाद शनिवार 26 सितंबर को आयोजित इंग्लिश लैंग्वेज की परीक्षा में भी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों को तृतीय सेमेस्टर का प्रश्नपत्र ही दे दिया गया। लगातार दो परीक्षाओं में एक जैसी गलती सामने आने से विद्यार्थियों में नाराजगी है। छात्रों ने 24 सितंबर को भी विश्वविद्यालय परीक्षा केंद्र के समक्ष लिखित शिकायत सौंपी थी और 26 सितंबर को दोबारा आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
छात्राओं ने मदद मांगी
थर्ड सेमेस्टर का पेपर होने से आक्रोशित एनईएस साइंस कॉलेज की छात्राओं ने इस मामले की शिकायत विश्वविद्यालय प्रबंधन को सौंपने के साथ ही एक पत्र पूर्व मंत्री तरुण भनोत को भी सौंपा है। छात्राओं ने कहा कि परीक्षा के नाम पर हम दूर-दूर से आते हैं और यहां गलती पर गलती करके परेशान किया जा रहा है। कई ऐसी छात्राएं भी थीं जो कि किसी स्कूल में पढ़ाती हैं उनका दर्द था कि वे छुट्टी लेकर परीक्षा देने आती हैं और यहां परीक्षा को मजाक बनाकर रख दिया गया है।
28 और 30 को होने वाली परीक्षाएं की निरस्त
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस मामले में फिलहाल परीक्षा अधिसूचना जारी कर इंग्लिश चतुर्थ सेमेस्टर की 28 एवं 30 सितम्बर को होने वाली परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है। कहा गया है कि संशोधित समय सारिणी पृथक से घोषित की जायेगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक ने इसकी जानकारी सभी छात्र-छात्राओं को देने की बात कही है।
Created On :   27 Sept 2026 6:24 PM IST












