जबलपुर न्यूज: टेंट हाउस संचालक की पिस्टल से चली गोली, एक कर्मचारी की मौत, दूसरा घायल

हनुमानताल थाना क्षेत्र की घटना, जांच में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क जबलपुर।

हनुमानताल थाना क्षेत्र में भोला नगर में शनिवार की दोपहर टेंट हाउस संचालक की पिस्टल से गोली चलने से उसके दो कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की मौत हो गई। वहीं दूसरे को इलाज के लिए मेडिकल रेफर किया गया। सूचना मिलने पर जांच पड़ताल कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है गोली किन परिस्थितियों में चली थी। पुलिस के अनुसार भोला नगर निवासी राज सोनकर का बेटा प्रिंस सोनकर टेंट हाउस का संचालन करता है। उसके टेंट हाउस में प्रेम सागर निवासी करण इबराडे उम्र 21 वर्ष और अंकित रैकवार उम्र 22 वर्ष काम करते थे। करण और अंकित शनिवार की दोपहर प्रिंस के घर पर थे। घायल अंकित ने बताया कि वहां पर प्रिंस की पिस्टल से अचानक गोली चली, जिससे वह और करण घायल हो गए। दोनों को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने करण को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंकित को मेडिकल रेफर िकया गया है। इलाज के दौरान अंकित की हालत सामान्य बताई जा रही है।

अफरा-तफरी मची

दिन दहाड़े गोली चलने की आवाज सुनकर भोला नगर में दहशत फैल गई। उधर अफरा-तफरी के बीच दोनों घायलों को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। उधर सूचना मिलने पर करण व अंकित के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जिससे वहां काफी देर तक हंगामे की स्थिति रही।

प्रिंस काे हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलने पर हनुमानताल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहां घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए टेंट हाउस संचालक प्रिंस सोनकर को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा प्रिंस से पूछताछ कर गोली कैसे चली इसका पता लगाया जा रहा है। उधर टीआई सुभाषचंद बघेल का कहना है कि भोला नगर में गोली चलने से एक युवक की मौत हुई है, वहीं एक घायल हुआ है। गोली कैसे चली है जांच में जो तथ्य उजागर होंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।पी-5


Created On :   26 Sept 2026 8:52 PM IST

Tags

Next Story