- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- स्टेशन से लेकर ट्रेनों तक पहुंचने...
Jabalpur News: स्टेशन से लेकर ट्रेनों तक पहुंचने में यात्रियों को करनी पड़ रही मशक्कत, हर कदम पर परेशानी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन पर इस समय अराजकता का माहौल है। प्लेटफाॅर्म नंबर 6 के मुहाने से यात्रियों की परेशानी जो शुरू होती है तो हर डग पर उन्हें मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं। बड़ी मुश्किल से अगर प्लेटफाॅर्म तक पहुंच भी गए तो यहां बैठने के लिए फर्श ही नसीब होता है। वहीं आज शनिवार से 19 दिन के लिए दिल्ली जाने वाली श्रीधाम ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है। इस ट्रेन का लोड दिल्ली की दूसरी ट्रेनों पर पड़ा है।
इन ट्रेनों में अभी से अगले कुछ दिनों की वेटिंग टिकट मिल रही है। जिसमें दिल्ली जाने वाली गोंडवाना ट्रेन में 26 सितम्बर को स्लीपर में 65 और एसी में 54 से ज्यादा वेटिंग है। इसके अलावा महाकौशल ट्रेन में स्लीपर में 57 और एसी में 60 के ऊपर, संपर्क क्रांति में 27 सितम्बर को 73 और एसी में 100 के ऊपर वेटिंग है। यही हाल वैष्णो देवी कटरा जाने वाली गाड़ी का भी है। कुल मिलाकर यात्रियों की टिकट या तो निरस्त हो रही है या फिर उन्हें परेशान होते हुए सफर करना पड़ेगा। रेलवे द्वारा कोई स्पेशल ट्रेन भी नहीं चलाई जा रही है। आने वाले दिनों में यात्रियों की मुसीबत और बढ़ेगी।
पहुंच मार्ग पर ही ठेले-टपरे वालों का कब्जा
प्लेटफाॅर्म नंबर 6 के प्रवेश द्वार पर ही ठेले और टपरे वालों का कब्जा है। रेलवे ने इनके लिए एक हद तय की थी, लेकिन ये फिर सड़क पर दुकानें लगाने लगे हैं। जिसके कारण यहां से ऑटो, कार और अन्य वाहनों का निकलना फजीहत से भरा होता है। ट्रेन जब आती है तो एकदम से भीड़ निकलती है, ऐसे में कई बार विवाद की स्थिति भी बनती है। रेलवे न जाने क्यों इन्हें हटा नहीं पा रहा है। लोगों का आरोप है कि पैसे लेने के बाद ये ठेले-टपरे लगवाए जाते हैं, जिससे इनके हौसले बुलंद हैं।
पार्किंग में रोजाना विवाद हो गई है आम बात
प्लेटफाॅर्म नंबर 1 और 6 की तरफ रेलवे ने वाहन पार्किंग का ठेका तो दे दिया लेकिन यहां अब पैसों को लेकर हर दिन विवाद होना आम बात है। ड्राॅप एण्ड गो में भी पैसे लिए जाते हैं। वहीं प्लेटफाॅर्म नंबर 6 की तरफ आड़े-तिरछे वाहन खड़े रहते हैं। दोनों जगह पार्किंग इतनी घुमावदार बना दी गई है कि यहां से बिना पैसे दिए निकल पाना मुश्किल है। इसी तरह 1 नंबर प्लेटफॉर्म में जाे जीआरपी थाना की तरफ से 1 नंबर पुल इंदिरा मार्केट वाले मार्ग को बंद कर दिया है, जिससे भी परेशानी हो रही है। यहां भी पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है, जिसके कारण भी झगड़े हो रहे हैं।
पटरियों पर कचरा, शेड से टपक रहा पानी
स्टेशन के हाल ऐसे हैं कि प्लेटफार्म नंबर 1 के शेड से पानी टपक रहा है जो यात्रियों को भिगा रहा है। इसी तरह रेल पटरियों पर हर प्लेटफाॅर्म पर पानी की खाली बोतलें फेंकी जा रही है। हर जगह प्लास्टिक का कचरा देखा जा सकता है। रेलवे द्वारा अभी स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद भी सफाई के हाल बेहाल हैं।
प्लेटफाॅर्म पर भी जगह-जगह गंदगी है। बारिश के कारण फर्श पूरा गीला है। यात्री इस गीले फर्श पर ही बैठ रहे हैं। रेलवे द्वारा इनसे टिकट के पैसे तो पूरे लिए जा रहे हैं, लेकिन इनके बैठने का कोई इंतजाम नहीं है, न तो कुर्सियां और न ही अन्य कोई सुविधा। यात्री शेड के पिलर के आसपास या फिर नीचे फर्श पर ही बैठना इनकी मजबूरी है।
Created On :   26 Sept 2026 5:36 PM IST











