Jabalpur News: तीन दिन से आधा शहर प्यासा, बार-बार सुधार और बिजली के कटऑफ से लोग हो रहे परेशान

तीन दिन से आधा शहर प्यासा, बार-बार सुधार और बिजली के कटऑफ से लोग हो रहे परेशान
रमनगरा जलशोधन संयंत्र से एक बार फिर आज शाम और कल सुबह की जलापूर्ति रहेगी प्रभावित

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रमनगरा जलशोधन संयंत्र में होने वाले बार-बार के लीकेज सुधार और बिजली का कटऑफ शहर की आधी आबादी के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। बीते एक सप्ताह में तीन से चार बार सुधार कार्य के नाम पर पानी की सप्लाई रोकी जा चुकी है। जिसके कारण गढ़ा, मेडिकल, बिड़ला धर्मशाला, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम्, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, मोतीनाला, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर व राजीव नगर तथा अमृत योजनांतर्गत देवताल की टंकियों में पानी नहीं भरा जा सका था। इन सभी टंकियों से शहर के 50 प्रतिशत घरों में पेयजल के साथ दैनिक जरूरत के उपयोग का पानी पहुंचाया जाता है। जिसमें लगातार अवरोध बना हुआ है।

जैसे-तैसे सुधार हुआ तो लाइट रही गुल

23 और 24 सितंबर को रमनगरा जलशोधन संयंत्र में सुधार कार्य के चलते शट डाउन लिया गया था। जैसे-तैसे सुधार कार्य पूरा हुआ और लोगों को उम्मीद थी कि शुक्रवार से उन्हें नियमित रूप से पानी मिलेगा। लेकिन सुबह से ही लाइट की आंख मिचौली चालू हो गई, जिसके कारण प्लांट से पानी की टंकियों में सप्लाई अवरुद्ध रही। शुक्रवार की शाम दमाेह- नाका, गढ़ा, मेडिकल समेत अन्य इलाकों में पीने के पानी को लेकर मारामारी चलती रही।

हालांकि सूचना मिलने पर निगम की तरफ से टैंकरों से पानी पहुंचाने का काम भी किया गया। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि नर्मदा जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 120 एमएलडी रमनगरा जल शोधन संयंत्र के राइजिंग मेन लाइन में 1200 एमएम का बटरफ्लाई वाॅल्व में लीकेज सुधार का कार्य किया जाना है। सुधार कार्य के चलते उक्त संयंत्र से 26 सितम्बर को सायंकालीन से लेकर कल 27 सितम्बर की प्रातः कालीन तक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।

Created On :   26 Sept 2026 5:31 PM IST

Tags

Next Story