- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बारिश और जलभराव ने रोकी रेलवे की...
Jabalpur News: बारिश और जलभराव ने रोकी रेलवे की पीईटी, 28 से होने वाली परीक्षा टली

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। लगातार हो रही चक्रवातीय बारिश और रेलवे स्टेडियम मैदान में भारी जलभराव के चलते पश्चिम मध्य रेल ने 28 सितंबर से प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) स्थगित कर दी है। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, पश्चिम मध्य रेल के तहत 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक चार दिवसीय पीईटी आयोजित की जानी थी। इसे अग्रिम आदेश तक तत्काल प्रभाव से स्थगित किया गया है।
रेलवे स्टेडियम ग्राउंड में पानी भरने और कीचड़ के कारण यह दौड़ के लिए अनुपयुक्त हो गया है। ऐसी स्थिति में अभ्यर्थियों के फिसलने और चोटिल होने का खतरा था, साथ ही खराब मौसम के कारण सभी अभ्यर्थियों को शारीरिक क्षमता प्रदर्शित करने का समान अवसर मिलना भी संभव नहीं था। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया।
मौसम सामान्य होने पर जारी होंगी नई तारीखें
रेलवे प्रशासन के अनुसार पीईटी की नई तारीखों की घोषणा मौसम सामान्य होने के बाद अलग से की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए पश्चिम मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।
Created On :   27 Sept 2026 6:11 PM IST












