विकास कार्य ठप, झूठी वाहवाही लूट रहे महापौर

विकास कार्य ठप, झूठी वाहवाही लूट रहे महापौर
नेता प्रतिपक्ष ने लगाए आरोप, कहा- सफाई कर्मियों को दबाव बनाकर ले जाया गया

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता कर आरोप लगाया कि महापौर शहर को विनाश की ओर से ले जा रहे हैं। शहर में विकास कार्य ठप हो चुके हैं। महापौर केवल झूठी घोषणाएँ कर वाहवाही लूट रहे हैं। गोलबाजार में आयोजित कांग्रेस की रैली में सफाई कर्मियों को दबाव बनाकर ले जाया गया, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई। लोगों को परेशान होना पड़ा। नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू जब चुनाव लड़ रहे थे, तब उन्होंने माँ के नाम पर जनता से वोट माँगे, लेकिन आज तक कोई काम नहीं हो पाया। माँ नर्मदा के नाम पर जनता से छलावा किया गया। पिछले वर्ष की पार्षद मद का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। राजनीतिक कार्यक्रम के लिए आदि शंकराचार्य चौक को सजावट के नाम पर खराब कर दिया।

जिम्मेदारी से भाग रहे मेयर

भाजपा नगर अध्यक्ष प्रभात साहू ने आरोप लगाया कि महापौर ने चुनाव के वक्त जनता को हवाई सपने दिखाए। धरातल पर काम शून्य है। बारिश आने को है, शहर के नाले भरे हुए हैं। महापौर अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। वे अपने लोगों को सफाई ठेका दिलाना चाहते हैं। इससे सफाई व्यवस्था चौपट हो जाएगी। शहर में जितने भी विकास कार्य हुए हैं, सभी मुख्यमंत्री एवं केंद्र सरकार के द्वारा कराए जा रहे हैं। महापौर इन कामों का श्रेय लेना चाहते हैं। श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपए डाल दिए हैं।

झूठे आरोप लगा रही भाजपा

वहीं महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि प्रियंका गांधी के ऐतिहासिक व सफल कार्यक्रम से भाजपा को तकलीफ हो रही है, इसलिए अपनी बौखलाहट को छिपाने के लिए वे उन पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना और विकास यात्रा में भाजपा ने नगर निगम के पैसों और संसाधनों का दुरुपयोग किया है। भोपाल में प्रशिक्षण के लिए जाने का बहाना बनाकर भाजपा पार्षदों ने ननि के वाहनों का दुरुपयोग किया था।

Created On :   14 Jun 2023 9:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story