जबलपुर: रेलवे ने ब्लॉक जल्दी लिए तो अगस्त में ही तैयार हो जाएगा केबल स्टे ब्रिज

रेलवे ने ब्लॉक जल्दी लिए तो अगस्त में ही तैयार हो जाएगा केबल स्टे ब्रिज
  • केवल 40 मीटर का कार्य बाकी, अक्टूबर में चालू हो सकता है पूरा फ्लाईओवर
  • प्रमुख सचिव के निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने रेलवे से सम्पर्क बढ़ा दिया है
  • शहर के आम नागरिक भी अब फ्लाईओवर पर चलने के लिए आतुर नजर आ रहे हैं।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर के निर्माण में और तेजी आ गई है। पिछले दिनों प्रमुख सचिव लोक निर्माण डीपी आहुजा ने निरीक्षण किया था, जिसके बाद कार्य में और तेजी आ गई है।

विभाग ने रेलवे अधिकारियों से समन्वय बनाकर जल्द ही ब्लॉक लेने की तैयारी की है ताकि केबल स्टे ब्रिज के बचे हुए 40 फीसदी कार्य को भी पूरा कर लिया जाए। अधिकारियों का कहना है कि 385.5 मीटर के केबल स्टे ब्रिज का लगभग 40 मीटर का हिस्सा ही बाकी है। शहर के आम नागरिक भी अब फ्लाईओवर पर चलने के लिए आतुर नजर आ रहे हैं।

केन्द्रीय सड़क निधि से स्वीकृत दमोहनाका से मदन महल तक के 6.85 किलोमीटर के फ्लाईओवर को प्रदेश के सबसे लम्बे फ्लाईओवर का तमगा पहले दिन ही हासिल हो जाएगा। वहीं केबल स्टे ब्रिज का 193.5 मीटर का हिस्सा ठीक रेलवे लाइन के ऊपर होगा, जो कि देश का सबसे लम्बा ब्रिज होगा।

प्रमुख सचिव के निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने रेलवे से सम्पर्क बढ़ा दिया है और कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द ब्लॉक लिए जाएँ, ताकि स्टे ब्रिज के कार्य को अगस्त माह तक पूरा कर लिया जाए।

हालाँकि रेलवे के लिए यह समय काफी व्यस्तता वाला है क्योंकि इन दिनों गर्मी की छुट्टियाँ चल रही हैं और सारी ट्रेनें फुल हैं। ऐसे में ब्लॉक लेने से हजारों यात्रियों को परेशानी हो सकती है। बाकी ब्रिज का कार्य अक्टूबर तक पूरा करके फ्लाईओवर को चालू करने का लक्ष्य है।

सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर बढ़ा रहे बेताबी| इन दिनों कई सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शहर के लोगों की बेताबी बढ़ा रहे हैं। वे फ्लाईओवर के निर्माणाधीन हिस्सों पर चढ़कर वीडियो बनाते हैं और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।

इन्हें देखकर कई लोग तो सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए फ्लाईओवर पर चढ़ने का प्रयास भी करने लगते हैं जिन्हें रोका जा रहा है। कई वीडियो में ड्रोन व्यू दिखाकर लोगों को फ्लाईओवर की खूबसूरती दिखाई जा रही है। ऐसे में लोग चाह रहे हैं कि जल्दी ही फ्लाईओवर चालू किया जाए।

Created On :   24 May 2024 2:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story