jabalpur News: नकली सोना थमाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, डेढ़ करोड़ नकदी व 84 ग्राम सोना बरामद

नकली सोना थमाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, डेढ़ करोड़ नकदी व 84 ग्राम सोना बरामद
सस्ते दामों पर सोना का झांसा देकर पीतल थमाने वाले शातिर ठग बेनकाब, डेढ़ करोड़ रुपए नकद व 84 ग्राम सोना बरामद


क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के 4 आरोपियों को झांसी से दबोचा, अंतरराज्यीय है गिरोह, पूछताछ में खुलेगा और वारदातों का राज

जबलपुर। गड़े धन में निकला सोना सस्ते दाम पर बेचने का झांसा देकर ठगों ने राइट टाउन क्षेत्र में रहने वाले पिता-पुत्र समेत 3 लोगों को डेढ़ करोड़ की ठगी का शिकार बनाया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए हरियाणा के 4 आरोपियों को झांसी के गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1 करोड़ 55 लाख नकदी, 84 ग्राम सोना व 20 किलो नकली सोने की गिन्नियां बरामद की गई हैं। पकड़े गए आरोपियों में एक ही परिवार के पन्नालाल राठौर उम्र 60 वर्ष, उसकी पत्नी रानमदेवी उम्र 52 वर्ष, बेटा धर्मेंद्र उम्र 34 वर्ष व वीरेंद्र उम्र 30 वर्ष निवासी हरियाणा के जिला फरीदाबाद छज्जूमल राेड थाना आदर्श नगर बल्लभगढ़ शामिल हैं। सभी आरोपियों को मंगलवार तक की रिमांड पर लिया गया है। बताया गया है कि अरोपियों से पूछताछ में जालसाजी के और भी कुछ राज खुल सकते हैं।

पिता-पुत्र सहित 3 से की थी डेढ़ करोड़ की ठगी

पुलिस कंट्रोल रूम मंे आयोजित पत्रवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सम्पत उपाध्याय ने बताया कि मदनमहल थाना क्षेत्र में रहने वाले पिता-पुत्र ने क्राइम ब्रांच को शिकायत देकर बताया था कि करीब दो माह पूर्व उनके पास वीरेंद्र उर्फ सोनू नामक व्यक्ति पहुंचा था। उसका कहना था कि उसे गड़ा धन मिला है, जिसमें काफी मात्रा मंे सोना है और वह उस सोने को कम कीमत पर बेचना चाहता है। उसकी बातों मंे आकर उक्त व्यक्ति ने सोना दिखाने के लिए कहा, तो वीरेंद्र ने सोने का क्वाॅइन दिया। जिसे स्वर्णकार से चेक कराने पर वह सोने का निकला था। उसके बाद वीरेंद्र अपने पिता पन्नालाल, मां रानमदेवी, भाई धर्मेंद्र को लेकर आया और उसने करीब 5 किलो वजनी सोने के सिक्के व क्वाॅइन उस व्यक्ति को देकर 50 लाख रुपए व उसके पुत्र को कटनी बुलाकर 10 लाख का नकली सोना थमाया था। इसी तरह यादव काॅलोनी लेबर चौक के पास रहने वाले व्यक्ति को झांसा देकर 1 करोड़ का नकली सोना थमाकर आरोपी चंपत हो गए थे। आरोपियों ने बेचे गए नकली सोने की कीमत 12 लाख रुपए प्रति किलो लगाई थी।

झांसी में मिली लोकेशन

ठगों के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर एएसपी जितेंद्र सिंह द्वारा एक टीम गठित की गई। टीम को आरोपियों की लोकेशन झांसी में होने का पता चला। उसके बाद एक टीम झांसी रवाना की गई। टीम द्वारा पतासाजी कर हुलिया के आधार पर चारों आरोपियों को पकड़कर जबलपुर लाया गया। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है िक उनके द्वारा अब तक कहां और कितनी वारदातें की गई हैं।

पनागर में किराए का मकान लेकर छिपाया नकद व सोना

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि उन्होंने वारदात करने के पहले शहर में डेरा जमाया और पनागर क्षेत्र में एक मकान किराए से लिया था। वारदात करने के बाद आरोपियों ने उक्त मकान में नकद रकम व सोना छिपाकर रखा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पनागर स्थित किराए के मकान से 1 करोड़ 55 लाख नकद, 84 ग्राम सोना व 20 किलो नकली सोना जब्त किया है।

Created On :   6 April 2026 10:52 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story