- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 12 दिन बाद भी दो वाहन मालिकों का...
Jabalpur News: 12 दिन बाद भी दो वाहन मालिकों का पता नहीं ढूंढ पाई माइनिंग टीम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सिहोरा तहसील के गिदुहरा क्षेत्र में तालाब की आड़ में आयरनओर उत्खनन के मामले में अवैध उत्खनन के लिए प्रयुक्त दो वाहनों के मालिकों का 12 दिनों बाद भी कुछ पता नहीं चला सका है। इस मामले में माइनिंग विभाग का कहना है कि उनके द्वारा आरटीओं को पत्र लिखकर वाहन नंबरों के आधार पर मालिकों की जानकारी चाही गई है मगर अब तक इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
इस मामले में पहले ही एक पोकलेन मशीन को पकड़ने के बाद छोड़ने की बात सामने आ चुकी है। वहीं तालाब खोदने के मामले में दस दिन बाद ठेकेदार भोपाल निवासी विजय पटेल के विरुद्ध केवल एफआईआर ही दर्ज हो सकी है।
बताया जाता है कि विधायक निधि से वर्ष 2021-22 में तालाब खोदने के लिए 15 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे। सीईओ जनपद पंचायत के प्रस्ताव पर यह राशि स्वीकृत होने के बाद यहां तालाब खुदाई का कार्य भोपाल निवासी विजय पटेल को दिया गया। पूर्व में यहां खुदाई में पहले तो मुरुम निकली थी, इसके बाद जब माइनिंग विभाग ने सर्वे किया तो यहां आयरनओर की संभावना नजर आते ही माइनिंग विभाग ने यहां खुदाई पर रोक लगा दी। जिसके चलते काफी समय तक यहां खुदाई बंद रही है।
जिन वाहनों काे पकड़ा उनके मालिकों की जानकारी नहीं
बताया जाता है कि आयरनओर की खुदाई पर रोक लगाते हुए 23 मार्च को नायब तहसीलदार जयभान सिंह उइके ने दो वाहनों डम्पर क्रमांक एमपी 20 एचबी 9303 और जेएस 02 एएक्स 4186 को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। इस मामले में माइनिंग विभाग ने आरटीओ को पत्र लिखकर वाहन मालिकों की जानकारी मांगी है, इसके बाद भी अब तक इनका कुछ पता नहीं चल सका है।
जनपद पंचायत को पत्र लिखकर खुदाई पर लगाई रोक
बताया जाता है कि शासन को आयरनओर की जानकारी प्रेषित करने के बाद माइनिंग विभाग ने 10 फरवरी को जनपद पंचायत सीईओ भी पत्र लिखकर यहां खुदाई पर पूरी तरह से रोक लगाने कहा था। इसके बाद भी पिछले 15 दिनों पूर्व यहां अचानक खुदाई प्रारंभ कर दी गई और देर रात आयरनओर निकालने का कार्य शुरू हो गया। अवैध उत्खननकर्ताओं ने लगातार खुदाई कर यहां करीब 20 फीट गहरी खाई तक बना दी है।
खुदाई पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। वाहनों को पुलिस के हवाले कर एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। वाहन मालिकों का पता लगाने आरटीओ को पत्र लिखा गया है।
एके राय, जिला माइनिंग अधिकारी,
Created On :   6 April 2026 6:02 PM IST












