Jabalpur News: परियट नदी का जलस्तर घटा, रिहायशी इलाकों में मगरमच्छों की दस्तक से क्षेत्र में दहशत फैली

परियट नदी का जलस्तर घटा, रिहायशी इलाकों में मगरमच्छों की दस्तक से क्षेत्र में दहशत फैली
अंडे देने के लिए खेत-खलिहानों में जमाया डेरा, हमले का खतरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। परियट नदी के जलस्तर में गिरावट के साथ ही आसपास के गांवों रिठौरी, मटामर, सोनपुर और घाना में दहशत का माहौल है। पानी कम होने के कारण मगरमच्छ अब सुरक्षित ठिकानों और अंडे देने के लिए नदी किनारे के खेतों और खलिहानों का रुख कर रहे हैं। किसानों के लिए अपने ही खेतों में जाना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मादा मगरमच्छ अंडों की सुरक्षा के लिए अधिक आक्रामक हो जाती हैं, जिससे हमले का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल ग्रामीण रतजगा करने और सतर्क रहने को मजबूर हैं।

दरअसल अप्रैल-मई के दौरान मगरमच्छ अंडे देते हैं, जिसके लिए वे नदी के आसपास ही सुरक्षित जगह ढूंढ़ते हैं लेकिन नदी में पानी न होने के कारण मगरमच्छ नमी वाली जगहें चिन्हित करते हैं, जिसके कारण लगभग हर वर्ष परियट नदी से लगे गांवों में ऐसे हालात निर्मित हो जाते हैं।

दहशत में ग्रामीण

ग्रामीण क्षेत्रों के लोग घरेलू कामकाज हो या नहाने के लिए आसपास के जलाशयों का ही उपयोग करते हैं। ऐसे में खेतों और तालाबों में मगरमच्छों का लगातार मूवमेंट होने से दहशत में हैं। वन्य प्राणी विशेषज्ञ शंकरेन्द्रुनाथ ने बताया कि मगरमच्छों से बचाव के लिए कई स्थानों में जाल बिछाए गए हैं, ताकि मगरमच्छ इंसानों पर हमला न करें।

रेस्टॉरेंट में सात फीट लंबे सांप के प्रवेश करने से मचा हड़कम्प

भेड़ाघाट में पंचवटी चौराहे पर स्थित एक रेस्टॉरेंट में रविवार को दोपहर बारह बजे सात फीट लंबा सांप प्रवेश कर गया, जिसके कारण वहां अफरा-तफरी मच गई। रेस्टॉरेंट संचालक ने डायल-112 को सूचना दी जिसके माध्यम से मौके पर पहुंचे सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे ने सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।

दुबे के अनुसार पकड़ा गया सांप धामन प्रजाति का है, जो कि जहरीला नहीं होता है। सांप के पकड़े जाने पर सभी ने राहत की सांस ली।

Created On :   6 April 2026 5:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story