Jabalpur News: गुरंदी बाजार में तीन कबाड़ दुकानों में लगी भीषण आग

गुरंदी बाजार में तीन कबाड़ दुकानों में लगी भीषण आग
क्षेत्र में फैली दहशत दो घंटे में आग पर पाया काबू

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गुरंदी बाजार में मछली मार्केट के समीप रविवार सुबह 8.30 बजे तीन कबाड़ दुकानों में आग लग गई। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्नि हादसे में दुकानों में रखे सोफा, पलंग, टीवी और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट बताया गया है।

फायर ब्रिगेड ने बताया कि गुरंदी बाजार में सकलेन अली की कबाड़ की दुकान है। सुबह 8.30 बजे शाॅर्ट सर्किट होने से सकलेन की दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगते ही लोग जान बचाकर यहां-वहां भागे। कुछ ही देर में आग ने बाजू में स्थित अरमान अली और फरजान अली की दुकानों को भी चपेटे में ले लिया।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आजू-बाजू से आग को बुझाना शुरू किया। इससे आग फैल नहीं पाई। लगभग दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग से तीनों दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया।

कटंगा टीवी टावर के पास झाड़ियों में फैली आग- रविवार दोपहर 12 बजे कटंगा टीवी टावर के पास अचानक झाड़ियों में आग लग गई। आग तेजी से रहवासी क्षेत्रों की तरफ बढ़ने लगी। क्षेत्रीय नागरिकों की सूचना पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण किया।

करौंदा बायपास में कबाड़ गोदाम में भड़की आग- करौंदा बायपास के पास रविवार दोपहर 2 बजे कबाड़ गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फायर ब्रिगेड ने बताया कि रविवार दोपहर करौंदा बायपास के समीप हरेन्द्र दुबे के कबाड़ गोदाम में आग लगने की सूचना मिली।

कबाड़ गोदाम में बड़े पैमाने पर रेलवे स्क्रैप का कचरा रखा हुआ था। आग लगते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। फायर ब्रिगेड वाहन और टैंकरों के जरिए तीन घंटे में आग पर नियंत्रण किया गया।

सालीवाड़ा में खड़ी फसल में आग

सालीवाड़ा में रविवार शाम 4 बजे अभिषेक सिंह ठाकुर के खेत में एक एकड़ में गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू करने का प्रयास किया, इससे आग आजू-बाजू के खेतों में नहीं पहुंच पाई। मौके पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची, लेकिन तब तक फसल जलकर खाक हो चुकी थी।

Created On :   6 April 2026 5:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story