Jabalpur News: आईसीआईसीआई लोम्बार्ड से क्लेम लेने भटक रही बीमिता

आईसीआईसीआई लोम्बार्ड से क्लेम लेने भटक रही बीमिता
पीड़िता ने कंपनी के विरुद्ध बीमा लोकपाल में भेजी शिकायत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अनेक प्रकार के लुभावने वादे करके बीमा एजेंट व ब्रांच के अधिकारी आम लोगों को स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी बेचते हैं। सालों बीमित प्रीमियम भी जमा करता है और जब उसे अस्पताल में जरूरत होती है तो जिम्मेदार अधिकारी पॉलिसीधारक को कैशलेस तक में मदद नहीं करते हैं। बीमितों को अपने खर्च पर इलाज कराना पड़ रहा है। ऐसी ही शिकायत दिल्ली निवासी आरती ने की है। उन्होंने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड से स्वास्थ्य बीमा कराया हुआ है।

पॉलिसी का प्रीमियम भी देते आ रहे हैं। स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। इलाज के दौरान बीमा कंपनी में कैशलेस के लिए मेल किया गया तो उन्होंने रिजेक्ट कर दिया। बीमित को अपने खर्च पर पूरा इलाज कराना पड़ा।

इलाज के बाद बीमा कंपनी में सारे बिल व रिपोर्ट जमा किए तो क्लेम डिपार्टमेंट की तरफ से क्लेम नंबर 220101508405 जनरेट करते हुए जल्द भुगतान का वादा किया गया था। आरती लगातार संपर्क भी कर रही है पर बीमा कंपनी की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। परेशान होकर बीमिता को बीमा लोकपाल में शिकायत करनी पड़ी। वहीं कंपनी प्रवक्ता से संपर्क किया गया पर कंपनी के प्रतिनिधि की तरफ से अधिकृत पक्ष नहीं दिया गया।

इन नंबरों पर बीमा से संबंधित समस्या बताएं-

स्वास्थ्य बीमा से संबंधित किसी भी तरह की समस्या आपके साथ भी है तो आप दैनिक भास्कर मोबाइल नंबर - 9425324184, 9425357204 पर बात करके प्रमाण सहित अपनी बात दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक रख सकते हैं। संकट की इस घड़ी में भास्कर द्वारा आपकी आवाज को खबर के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Created On :   25 March 2026 5:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story