- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- तूफानी पारियों से बदला मैच का...
दैनिक भास्कर कॉरपोरेट कप: तूफानी पारियों से बदला मैच का मिजाज, अतुल ने लगाया सीजन का पहला शतक

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। व्यस्त कॉरपोरेट जीवन और काम के बढ़ते दबाव के बीच कर्मचारियों को तनाव से राहत देने के उद्देश्य से आयोजित दैनिक भास्कर कॉरपोरेट कप में खेल के जरिए ऊर्जा, उत्साह और टीम भावना का शानदार संगम देखने को मिल रहा है। मैदान पर उतरे खिलाड़ी न केवल जीत के लिए संघर्ष कर रहे हैं, बल्कि खेल के माध्यम से मानसिक ताजगी और सकारात्मक माहौल भी बना रहे हैं। मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। हर मैच में कड़ी टक्कर देखने को मिली, जहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच जबरदस्त संघर्ष रहा।
पहला मुकाबला- सीएनडी फार्मा 11 की धमाकेदार जीत
इस क्लैश ऑफ द टाइटन्स क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला मुकाबला आरकेसीटी 11 और सीएनडी फार्मा 11 के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरकेसीटी 11 ने 10 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 64 रन बनाए। टीम की ओर से साहिल काछी ने नाबाद 27 रन की उपयोगी पारी खेली। जवाब में सीएनडी फार्मा 11 ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान आसिफ ने मात्र 13 गेंदों में 37 रन (5 छक्के) की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनके साथ एमआर बादशाह ने 20 रन और जफर ने 6 रन बनाकर टीम को 3.4 ओवर में ही 69/1 तक पहुंचा दिया और जीत दिलाई।
मैन ऑफ द मैच
आसिफ: 37 रन (13 गेंद,5 छक्के)
खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करतीं मुख्य अतिथि श्वेता श्रीवास्तव, डायरेक्टर ब्लेसिंग ग्रुप ऑफ एजुकेशन।
दूसरा मुकाबला - एडमिन 11 ने टैक्स बार एसोसिएशन को रौंदा
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी एडमिन 11 की शुरुआत साधारण रही, लेकिन इसके बाद मैदान पर उतरे रामाराव ने पूरे मैच की तस्वीर बदल दी। महज 20 गेंदों में 60 रन ठोककर उन्होंने गेंदबाजों की लय पूरी तरह बिगाड़ दी, उनके बल्ले से निकले चौके-छक्कों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अंतिम ओवरों में सोनू पांडेय (27 रन) और अंकित व्यास (नाबाद 19 रन) ने तेज रन जोड़कर 141/6 का स्कोर खड़ा किया। वहीं 142 रन के दबाव भरे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टैक्स बार एसोसिएशन की पारी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। शुरुआती विकेटों के गिरने से टीम बैकफुट पर चली गई। नचिकेत (37 रन) ने एक छोर संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। तेज रन रेट के दबाव और सधी हुई गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 66/5 पर सिमट गई। जीत के साथ एडमिल 11 अगले दौर में पहुंच गई।
मैन ऑफ द मैच
रामाराव 60 (20 गेंद) 1 विकेट (ऑलराउंडर)
मुख्य अतिथि संकल्प पारवानी, डायरेक्टर एसकेबी प्रोजेक्ट्स ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला।
तीसरा मुकाबला-आदि शंकर हॉस्पिटल 29 रन से जीता
दिन के तीसरे मुकाबले में आदि शंकर हॉस्पिटल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आदी ट्रेडमार्ट को 29 रनों से पराजित कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच में आदी ट्रेडमार्ट के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आदि शंकर हॉस्पिटल की टीम ने 10 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 82 रन बनाए। टीम की ओर से प्रभमीत ने 15 और डॉ. आदित्य परिहार ने 13 रनों की पारी खेली। 83 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आदी ट्रेडमार्ट की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम मात्र 53 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए आनंद ने 15 और शुभेंदु ने 12 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके। आदि शंकर हॉस्पिटल की गेंदबाजी शानदार रही। फरहान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि डॉ. शुयब ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
मैन ऑफ द मैच
डॉ. शुयब 7 रन देकर 2 विकेट लिए
खिलाड़ियों से हाथ मिलाते मुख्य अतिथि डॉ. पवन स्थापक, वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक।
चौथा मुकाबला- सबसे बड़ा स्कोर बनाकर जीती फार्मा XI
दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप के तीसरे दिन का आखिरी मुकाबला बल्लेबाजों के नाम रहा, जहां चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली। मुकाबला फार्मा इलेवन और ईपीएफ 11 के बीच खेला गया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए फार्मा इलेवन ने 10 ओवर में 185 रन ठोक दिए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। टीम की ओर से अतुल ने तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए इस सीजन का पहला शतक जड़ा और 110 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं लकी ने भी अर्धशतक लगाया। 185 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईपीएफ 11 की टीम 10 ओवर में सिर्फ 66 रन ही बना सकी और 119 रनों ले मैच हार गई।
मैन ऑफ द मैच
अतुल ताम्रकार 110 रन 10 छक्के
खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते मुख्य अतिथि अमित जैन, संचालक, नाना इन्फोटेक राजपाल बजाज, संचालक, एलजी शॉपी, बजाज संस।
मैच के एम्पायर| एंड्रयू पॉल, संदीप बर्मन, अशोक सिंह, विजय और अंकित ने निभाई।
मुजफ्फर खान रहे कॉमन्टेटर
आज के मुकाबले
शाम 4:30 बजे
इंजीनियर्स इलेवन - नेत्रा केयर
शाम 5:30 बजे
मंगलायतन यूनिवर्सिटी - एमसीएमएम टीम
शाम 6:30 बजे
नर्मदा जेलाटिन - आर्किटेक्ट्स सुपर किंग्स
शाम 7:30 बजे
पीसीसी 11 (एमपीईबी) - जनपद इलेवन
Created On :   25 March 2026 12:23 PM IST












