- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- रेलवे स्टेशन में फिर पानी की किल्लत...
Jabalpur News: रेलवे स्टेशन में फिर पानी की किल्लत बिना पानी के ट्रेनें रवाना, यात्री परेशान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन में पानी की सप्लाई बाधित होने से परेशानी बढ़ गई है। जबलपुर से चलने वाली ट्रेनें बिना पानी के रवाना की जा रही हैं। वहीं जिन ट्रेनों में जबलपुर स्टेशन में पानी भरा जाता था उन्हें भी आगे के स्टेशनों में भेजा गया है। ट्रेनों के टाॅयलेट में पानी न आने से यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। यात्रियों द्वारा शिकायत की जा रही है।
बताया गया है कि बरगी बांध में कार्य के चलते पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है जिससे रेलवे को होने वाली जल आपूर्ति में भी कटौती की गई है। रेलवे द्वारा जबलपुर स्टेशन से जिन ट्रेनों में पानी भरा जाता था उन्हें कटनी, इटारसी और अन्य स्टेशन के लिए रवाना कर वहीं से पानी भरा जा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय के जबलपुर स्टेशन सहित रेल काॅलोनियों में नर्मदा तट ललपुर से पानी की सप्लाई होती है।
रेलवे की अलग पाइप लाइन और पंप हाउस है। बरगी बांध में कार्य के चलते मंगलवार को रेलवे में पानी की सप्लाई रुक गई। स्टेशन में पानी न पहुंचने से यात्रियों को परेशानी हुई।
हालांकि कुछ ट्रेनों में कटनी के मुड़वारा, केएमजेड स्टेशन से पानी भरा गया लेकिन नवरात्र पर्व पर जबलपुर स्टेशन और रेलवे के कॉलोनियों में पानी न मिलने से यात्रियों ने आक्रोश जताया। इससे पहले भी सितम्बर माह में रेलवे में पानी की दिक्कत हुई थी। रेलवे ने इसके बाद भी कोई सुधार नहीं किया।
पानी की सप्लाई कम होने से ट्रेनों में दूसरे स्टेशन से पानी भरा जा रहा है, पीने के पानी के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
डाॅ. मधुर वर्मा, सीनियर, डीसीएम रेलवे
रेलवे की जरूरतों को देखते हुए बरगी बांध के खोले गए तीन गेट
रेलवे की जरूरतों को देखते हुए मंगलवार की रात 9 बजे बरगी बांध क तीन गेट औसतन 0.33 मीटर तक खोल दिए गए हैं। इनमें गेट नम्बर 11 को 50 सेंटीमीटर तथा गेट नम्बर 10 और 12 को 25-25 सेंटीमीटर की ऊंचाई तक खोला गया है। बरगी बांध के कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह ने बताया कि जल विद्युत उत्पादन इकाइयों को मेंटेनेंस के लिए बंद किए जाने की वजह से नदी में पानी का प्रवाह कम हो जाने के कारण रेलवे की जलापूर्ति बाधित हो गई थी।
Created On :   25 March 2026 5:24 PM IST












