- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- रेल पटरियों पर बिखरीं पड़ी बोतलें,...
Jabalpur News: रेल पटरियों पर बिखरीं पड़ी बोतलें, स्टेशन की बॉटल क्रशिंग मशीन में भर गया कचरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पर्यावरण के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक प्लास्टिक है और रेलवे स्टेशन पर सबसे ज्यादा उपयोग पानी की बोतलों का ही होता है। इन पानी की बोतलों को यहां-वहां न फेंका जाए, इसके लिए स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर 1 और 6 पर बॉटल क्रशिंग मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों में जहां से बोतल अंदर डालनी है वहां कचरा भरा पड़ा है।
स्टेशन की सफाई और देखरेख पर लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं फिर भी कोई देखने वाला तक नहीं। यात्री भी जब इन मशीनों में कचरा भरा देखते हैं तो वे पानी की बोतलें कहीं भी फेंक देते हैं। स्टेशन के हाल ऐसे हैं कि रेल पटरियों पर हर प्लेटफाॅर्म पर पानी की खाली बोतलें फेंकी जा रही हैं।
हर जगह यह प्लास्टिक का कचरा देखा जा सकता है। रेलवे द्वारा पिछले दिनों पूरे एक महीने तक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें यही संदेश दिया गया कि पर्यावरण को बचाने प्लास्टिक का उपयोग कम करें।
लेकिन रेलवे में ही इसका कहीं पालन होता नजर नहीं आता। रेल पटरियों पर पड़ी खाली बोतलों को उठाने के लिए कबाड़ी रेल लाइन पर घूमते रहते हैं। यही वजह है कि खाली बोतलें कुछ कम नजर आती हैं।
Created On :   20 July 2026 3:00 PM IST












