आज सेमीफाइनल में रोमांचक भिड़ंत: दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने किया शानदार खेल का प्रदर्शन

दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने किया शानदार खेल का प्रदर्शन
क्वार्टर फाइनल में सीएनडी, अपोलो, मंगलायतन व फार्मा इलेवन का जलवा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में कॉर्पोरेट जगत की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। दिन के पहले मुकाबले में सीएनडी फार्मा ने नेत्रा केयर को हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में अपोलो हॉस्पिटल ने जनपद इलेवन को पराजित करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

तीसरे मुकाबले में मंगलायतन यूनिवर्सिटी ने नर्मदा जिलेटिन पर शानदार जीत हासिल की, जबकि चौथे और अंतिम मैच में फार्मा इलेवन ने एडमिन इलेवन को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

चारों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग का प्रदर्शन किया। हर मैच में रोमांच अपने चरम पर रहा, जिससे दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिला। अब आज होने वाले सेमीफाइनल में ये चारों टीमें आमने-सामने होंगी और फाइनल की राह तय करेंगी।


पहला मुकाबला- सीएनडी फार्मा की रोमांचक जीत, नेत्रा केयर को 11 रन से किया परास्त

इस क्लैश ऑफ द टाइटन्स क्रिकेट स्पर्धा के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के पहले बतौर मुख्य अतिथि शामिल चेयरमैन कमर्शियल ऑटोमोबाइल कैलाश गुप्ता ने दोनों टीमों के बीच टॉस कराया। सीएनडी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 130/6 का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अफरोज अख्तर ने 19 गेंदों में 56 रन (5 छक्के, 6 चौके) की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख तय कर दिया, जबकि बादशाह ने 30 रन का अहम योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेत्रा केयर की टीम ने अच्छी शुरुआत के बाद गति खो दी और 10 ओवर में 119/6 रन ही बना सकी। रिखिल पटेल (31 रन) और हरजीत सिंह (23 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। गेंदबाजी में सीएनडी फार्मा के बादशाह और हीरा ने 2-2 विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी, जिससे अंत में टीम ने 11 रन से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। प्लेयर ऑफ द मैच बादशाह रहे।


मैच प्रारंभ होने के पूर्व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते कमर्शियल ऑटोमोबाइल के चेयरमैन डॉ. कैलाश गुप्ता।

दूसरा मुकाबला- अपोलो का जलवा, जनपद इलेवन को 71 रन से हराया

क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दूसरे मुकाबले में अपोलो हॉस्पिटल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद इलेवन को 71 रन से करारी शिकस्त दी। मैच से पहले एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ज्ञान गंगा ग्रुप पंकज गोयल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया जिसे अपोलो ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 142/3 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान पिंकू जिया ने 25 गेंदों पर नाबाद 56 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 2 चौके शामिल रहे।

उनके अलावा नितिन सागर ने 27 रन और रोहित ने तेज 20 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जनपद इलेवन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 10 ओवर में 71/8 रन ही बना सकी। घनसु बर्मन ने 20 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि अन्य बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।

अपोलो की गेंदबाजी भी दमदार रही। नितिन सागर और सूरज साहू ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा, वहीं सुशांत कश्यप और सनी ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए नितिन सागर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


ज्ञान गंगा ग्रुप के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर पंकज गोयल ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उत्साहवर्धन किया।

तीसरा मुकाबला- मंगलायतन यूनिवर्सिटी ने नर्मदा जिलेटिन को 10 विकेट से हराया

टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में मंगलायतन यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नर्मदा जिलेटिन को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर मंगलायतन ने पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नर्मदा जिलेटिन की पूरी टीम 10 ओवर में मात्र 47 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से प्रवीण ने 12 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। गेंदबाजी में मंगलायतन यूनिवर्सिटी के अनुराग रॉयल ने घातक प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके।

48 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंगलायतन यूनिवर्सिटी ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 2.2 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 49 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अनुराग रॉयल (24*) और अभय पासी (16*) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को आसान जीत दिलाई। इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अनुराग रॉयल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मुकाबले के मुख्य अतिथियों में दिगंबर इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं सुपर स्टॉकिस्ट नोवा घी के एमडी अनुभव जैन, डायरेक्टर अंकित जैन एवं विशाल भाटिया सीनियर सेल्स ऑफिसर नोवा घी मौजूद रहे।


दिगंबर इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं सुपर स्टॉकिस्ट नोवा घी के एमडी सहित अनुभव जैन, अंकित जैन एवं विशाल भाटिया काे बुके देकर सम्मानित करते हुए खिलाड़ी।

चौथा मुकाबला- फार्मा इलेवन की शानदार जीत, एडमिन इलेवन को 28 रनों से हराया

चौथे मुकाबले में फार्मा इलेवन ने दमदार प्रदर्शन करते हुए एडमिन इलेवन को 28 रनों से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच में मुख्य अतिथि रॉबिन खटवानी (एमडी, खटवानी ग्रुप) एवं टाइटन वर्ल्ड के डायरेक्टर नितिन वीरा और प्रतीक वीरा मौजूद रहे। टॉस जीतकर एडमिन इलेवन ने पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फार्मा इलेवन ने निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 98 रन बनाए। टीम की ओर से सोबरन सिंह राजपूत ने शानदार 36 रनों की पारी खेली, जबकि आदर्श ने 17 रन का योगदान दिया।

टीम को अतिरिक्त रनों के रूप में भी 17 रन मिले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एडमिन इलेवन की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम 10 ओवर में 5 विकेट खोकर 70 रन ही बना सकी। हर्षित शुक्ला ने 12 रन और अबरार ने नाबाद 10 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। फार्मा इलेवन की ओर से रोहित यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए, जबकि सोबरन सिंह राजपूत, जान मोहम्मद और हरेंद्र मिश्रा ने 1-1 विकेट हासिल किया। सोबरन सिंह राजपूत प्लेयर ऑफ द मैच रहे। इस जीत के साथ फार्मा इलेवन ने क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।


रॉबिन खटवानी, एमडी खटवानी ग्रुप, नितिन वीरा और प्रतीक वीरा, डायरेक्टर टाइटन वर्ल्ड ने किया खिलाड़ियों का उत्सावर्धन।

दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप क्रिकेट टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबलों का आनंद उठाते दर्शक।


मैच के एम्पायर

एंड्रयू पॉल, संदीप बर्मन, अशोक सिंह, विजय और अंकित ने निभाई। मुजफ्फर खान रहे कॉमन्टेटर

स्कोरर } सचिन साहू, तनमय प्रजापति, अनुराग प्रजापति रहे।

आज के मुकाबले

पहला सेमीफाइनल | शाम 6:00 बजे

सीएनडी फार्मा - अपोलो हॉस्पिटल्स

दूसरा सेमीफाइनल | शाम 7:00 बजे

मंगलायतन यूनिवर्सिटी - फार्मा इलेवन

नोट- टीमों को बताए गए समय से आधा घंटे पहले ग्राउंड पर रिपोर्ट करना होगा।

Created On :   28 March 2026 11:58 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story