Jabalpur News: सर्वर बंद होने से नहीं लग सका अंगूठा, खाली हाथ लौटे लोग

सर्वर बंद होने से नहीं लग सका अंगूठा, खाली हाथ लौटे लोग
राशन न मिलने से नाराजगी, पिछले एक सप्ताह से लगातार रुला रहा है सर्वर

Jabalpur News: गरीबों के राशन को लेकर राशन दुकानों में अनियमितताओं का दौर लगातार जारी है। कहीं इल्ली और घुन लगा हुआ अनाज लोगों को बांटा जा रहा है, तो कहीं घंटों दुकानों में खड़े होने के बाद भी लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है। इन सब के बाद भी जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से लगातार सर्वर बंद होने की वजह से जनता को राशन नहीं बंट पा रहा है। पहले त्योहार के पूर्व राशन के लिए लाइन लगानी पड़ी और अब त्योहार के बाद घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जिले में राशन वितरण की व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा गई है।

बिना अंगूठा दर्ज किए नहीं मिलता है राशन

राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने राशन दुकानों में थम्ब इम्प्रेशन मशीन रखी गई है, ताकि जिस व्यक्ति का नाम बीपीएल सूची व पात्रता सूची में है उसे ही राशन का आवंटन किया जा सके। इसके लिए उक्त मशीन में पात्र व्यक्ति को अंगूठा लगाना अनिवार्य है। मगर देखने में यह आ रहा है कि पिछले कुछ दिनों से सर्वर की समस्या के चलते मशीन में राशन के लिए पात्र व्यक्तियों का अंगूठा नहीं लग पा रहा है, जिससे उन्हें राशन का वितरण नहीं हो पा रहा है। यह समस्या पूरे जिले में आ रही है।

सुबह से लाइन लगाओ फिर भी राशन नहीं मिल रहा

इन दिनाें सर्वर की समस्या के कारण लोगों में काफी आक्रोश भी देखा जा रहा है। आमतौर पर महिलाएं घर का सारा कामकाज छोड़कर सुबह से राशन लेने दुकानों में पहुंच जाती हैं। यहां आने पर एक ही जवाब मिलता है कि सर्वर बंद है। अब बिना सर्वर के मशीन में थम्ब भी नहीं लग सकता। सर्वर आने के इंतजार में घंटों खड़े होने के बाद भी खाली हाथ लोगाें को लौटना पड़ रहा है।

दुकानदारों पर निकल रहा जनता का गुस्सा

जनता को राशन नहीं मिलने पर उनका सारा गुस्सा दुकानदारों पर निकल रहा है। कुछ दुकानों में विवाद की भी स्थिति निर्मित हो रही है। ऐसे में दुकानदार केवल शांत रहने के अलावा कुछ कर भी नहीं सकते।

Created On :   24 Oct 2025 4:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story