- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- किसानों के जैविक उत्पादों को मिला...
Jabalpur News: किसानों के जैविक उत्पादों को मिला नया बाजार

Jabalpur News: भोजन की थाली में रासायनिक तत्वों की बढ़ती मात्रा मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। इसको देखते हुए हर रविवार को जबलपुर कृषि उपज मंडी में जैविक हाट शुरू किया गया। इसमें जिले के समनापुर, दुर्गानगर, मादा, घुनसोर, खजरी, कन्नावास, सिहोरा, नकटिया, ककरहटा, सुंदरपुर, बाघराजी, खमनपानी, समधार आदि ग्रामों के किसान अपने उत्पाद लेकर पहुंचे। जैविक हाट से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं उत्तम गुणवत्ता के उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।
जिला प्रशासन एवं किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के संयुक्त प्रयासों से कृषि उपज मंडी प्रांगण में साप्ताहिक जैविक हाट का शुभारंभ जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक सिंह गहलोत ने किया। उन्होंने हाट में आए किसानों से चर्चा कर जाना कि बिना रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के किस प्रकार फसलें उगाई जाती हैं।
किसानों ने जीवामृत, घन जीवामृत, ब्रह्मास्त्र, पंचपरनी काढ़ा एवं अन्य जैविक आदानों के प्रयोग की जानकारी देते हुए अपने उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले उत्पाद भी प्रदर्शित किए। कार्यक्रम में किसान कल्याण विभाग के उप संचालक डॉ. एसके निगम, सहायक संचालक कृषि रवि अमरवंशी, कीर्ति वर्मा एवं इंदिरा त्रिपाठी आत्मा परियोजना की श्रीमती नमिता उड़कुरे ने किसानों को विभागीय प्रशिक्षण एवं संसाधनों की जानकारी दी।
औरिया मंडी में मटर का व्यापार आज से, ट्रैफिक को लेकर प्रशासन मुस्तैद
औरिया बायपास स्थित नई मटर मंडी में आज से मटर का कारोबार शुरू होगा। किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। पुलिस और प्रशासन का सबसे ज्यादा फोकस ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा, क्योंकि कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह द्वारा कृषि उपज मंडी के आसपास के एरिया में मटर की गाड़ियों के आवागमन पर पूर्णत: पाबंदी लगा दी गई है, जिसको लेकर कई व्यापारिक संगठन अभी भी विरोध कर रहे हैं, हालांकि प्रशासन ने प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिया है।
नई मंडी में दुकानें फिलहाल नहीं बन पाई हैं, जिसके कारण किसानों और व्यापारियों को खुले में ही व्यापार करना पड़ेगा, लेकिन किसानों के बैठने के लिए शेड और बढ़ती ठंड को देखते हुए अलाव के साथ पीने के पानी और साफ-सफाई जैसी व्यवस्था कर ली गई हैं।
Created On :   1 Dec 2025 7:21 PM IST












