Jabalpur News: हॉकर घर तक पहुंचा नहीं पा रहे सिलेंडर, एजेंसियों में लग रही लाइन

हॉकर घर तक पहुंचा नहीं पा रहे सिलेंडर, एजेंसियों में लग रही लाइन
एलपीजी किल्लत के चलते जनता हो रही परेशान, हर एजेंसी में उपभोक्ता बुकिंग के बाद भी लगा रहे रोज चक्कर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। एलपीजी की किल्लत के बीच प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जहां हॉकरों के माध्यम से घर-घर सिलेंडर पहुंचाने का निर्णय लिया गया है। वहीं हॉकर निश्चित समय में सिलेंडर नहीं पहुंचा पा रहे, जिसके चलते गैस की किल्लत बरकरार है और जनता एजेंसियों तक चक्कर लगा रही है।

वहीं इस स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सभी एजेंसियों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है, जिससे लोगों को यहां आकर परेशान न होना पड़े और जिस उपभोक्ता की बुकिंग हो गई है उसके घर तक सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

अब डम्पिंग मैदान में लग रहा जमघट

सिलेंडर पाने जनता इतनी परेशान है कि एजेंसी से सिलेंडर मिलना मुश्किल होने से अब डम्पिंग मैदान में भीड़ लगनी शुरू हो गई। बताया जाता है कि अधिकांश एजेंसियों ने अपने-अपने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए क्षेत्रवार डम्पिंग क्षेत्र निर्धारित किया है। एक स्थान पर वाहनों से सिलेेंडर पहुंचा दिया जाता है, जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हो गई है उसे इस क्षेत्र से हॉकरों के माध्यम से सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित किया गया है। इसके बाद भी उपभोक्ता हॉकर का इंतजार करने की बजाय जहां स्टॉक किया जा रहा है वहां भीड़ लगा रहे हैं।

पर्ची कटाना जरूरी है

उपभोक्ताओं को जहां हॉकरों के माध्यम से गैस मिलने की पुरानी सुविधा प्रारंभ की गई है। वहीं पर्ची कटवाने की प्रक्रिया से निजात नहीं मिल पा रही। ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद भी उपभोक्ताओं को पर्ची कटवाने के लिए एजेंसी में जाकर लाइन लगानी पड़ रही है, क्योंकि जब तक पर्ची नहीं कटेगी सिलेंडर नहीं मिल पाएगा। इसलिए फिलहाल उपभोक्ताओं की समस्या कम होती नजर नहीं आ रही है।

Created On :   3 April 2026 4:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story