- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मेडिकल तिराहे से अंधमूक चौराहा तक...
Jabalpur News: मेडिकल तिराहे से अंधमूक चौराहा तक पहले ही फोरलेन, सिक्सलेन बने तभी जनता को राहत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मेडिकल तिराहे से धनवंतरि नगर चौराहा और आगे अंधमूक चौराहे तक ढाई किलोमीटर सड़क को लोक िनर्माण विभाग 4 करोड़ से इसकी मरम्मत कर नया रूप देगा। यह सड़क कहीं पर 50 फीट चौड़ी फोरलेन है, तो कहीं पर इसकी चौड़ाई इससे थोड़ी कम है। यह शहर के पश्चिमी हिस्से में भोपाल से शहर की ओर आने का सबसे उपयोगी एंट्री प्वाॅइंट वाला मार्ग है।
इस सड़क को लेकर लोगों का कहना है कि फोरलेन के रूप में ही अपग्रेड नहीं किया जाए। यदि इसमें सुधार किया जा रहा है तो इसकी चौड़ाई सिक्सलेन के अनुसार बढ़ाई जाए। इस सड़क की चाैड़ाई को बढ़ाया जाता है तो इसमें किसी भी तरह से जमीन के अधिग्रहण की बहुत ज्यादा जरूरत नहीं होगी। मेडिकल तिराहे की शुरुआत से अंधमूक चौराहे तक बड़े हिस्से में दोनों ओर सरकारी जमीन है।
मेडिकल की जमीन को यदि सड़क निर्माण के लिए 15 से 20 फीट तक ले भी लिया जाए, तो किसी भी तरह से बहुत लंबी प्रोसेस से नहीं गुजरना पड़ेगा। केवल पत्र व्यवहार के जरिए यह मार्ग आने वाले 25 सालों के विजन को ध्यान में रखते हुए सिक्सलेन बन सकता है।
10 सालों में ऐसी बनी है यह सड़क
पहले यह सड़क लोक निर्माण विभाग ने सीमेण्टेड बनाई। इसके कुछ सालों बाद इसको स्मार्ट सिटी प्लान में एंट्री प्वाॅइंट वाले मार्ग पर सिलेक्ट किया गया, जिससे इसको 8 करोड़ की लागत से फोरलेन किया गया। इसके किनारे स्मार्ट सिटी के प्लान में ही फुटपाथ पर पेवर ब्लाॅक लगाए गए जो कुछ ही दिनों में गायब हो गए। अब इसको लोक निर्माण विभाग शहर के प्रवेश वाले हिस्से में होने की वजह से 4 करोड़ से सुधारेगा।
सड़क पर कब्जों से हालत पस्त
मेडिकल तिराहे पर ठेले, मेडिकल के गेट पर कब्जा, इसी तरह मरचुरी सेंटर से लेकर सभी प्रमुख इंस्टीट्यूट के गेटों पर भी कब्जा है। धनवंतरि नगर चौराहे पर पूरी सड़क अतिक्रमणों की वजह से कस्बाई हालत में है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग को चौड़ा करने के साथ इसमें सख्ती से अतिक्रमण हटें, तो जनता को बेहतर सड़क का कुछ स्थाई लाभ मिल सकता है।
आसपास कई बड़े इंस्टीट्यूट हैं इस मार्ग पर
मेडिकल तिराहे से आगे बढ़ते ही पहले मेडिकल काॅलेज अस्पताल, पल्मोनरी सेंटर, स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट, सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल, मेडिकल विवि का प्रशासनिक भवन, धनवंतरि नगर से जुड़ी कई दर्ज काॅलोनियों के अलावा यह भेड़ाघाट जाने वाला प्रमुख मार्ग है। दो हाईवे का मिलान इसी सड़क के जीरो प्वाॅइंट पर होता है। कई तरह से इस मार्ग का सिक्सलेन बनना जरूरी है। इसके चौड़े होने से जनता को बड़ी राहत मिल सकती है।
Created On :   3 April 2026 4:49 PM IST












