- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बिना प्लानिंग के चल रहा बिजली...
Jabalpur News: बिना प्लानिंग के चल रहा बिजली सिस्टम, 45% मेंटेनेंस राशि लैप्स

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत 24 जिलों में रखरखाव के बजट का 45 प्रतिशत खर्च न हो पाना बिजली जैसे बुनियादी ढांचे पर बिना ठोस प्लानिंग के विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। चारों रीजन के अंतर्गत महज 55 प्रतिशत राशि ही बिजली अधिकारी खर्च कर कागजों में प्लानिंग दिखाते रहे और इधर बिजली सिस्टम प्रभावित होता रहा। जब बजट का बड़ा हिस्सा खर्च ही नहीं हुआ, तो इसका सीधा मतलब है कि लाइनों की मरम्मत, पुराने इंसुलेटर्स को बदलना और ट्रांसफाॅर्मरों की सर्विसिंग जैसे जरूरी काम कागजों तक ही सीमित रह गए।
कोई प्लानिंग नहीं
जानकारों का कहना है कि बजट का उपयोग न हो पाना यह बताता है कि साल भर के रखरखाव की कोई ठोस प्लानिंग नहीं थी। टेंडर प्रक्रिया में देरी या कागजी कार्रवाई में उलझने के कारण फंड का इस्तेमाल समय पर नहीं हो पाया।
यह था मेंटेनेंस का बजट
बिजली विशेषज्ञों का कहना है कि वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 901 करोड़ का बजट स्वीकृत किया था और महज 55 % राशि ही खर्च की गई और शेष लैप्स हो गई।
मेंटेनेंस राशि विवरण
स्वीकृत बजट 901 करोड़ रुपए
कुल खर्च 495.05 करोड़
लैप्स हुई राशि 405.95 करोड़
जांच का विषय बना
वहीं पूर्व क्षेत्र विवि कंपनी के अंतर्गत आने वाले जिलों में बिजली सिस्टम को मजबूत करने के लिए स्वीकृत राशि से सुधार कार्य व नए ट्रांसफाॅर्मर, विद्युत लाइन, इंसुलेटर्स सहित अनेक उपकरणों को दुरुस्त नहीं किया जाना जांच का विषय बन गया है। कंपनी स्तर पर ऑडिट होने पर ही जिम्मेदार अधिकारियों की गतिविधियाें का खुलासा हो सकेगा।
मैने हाल ही में इस जवाबदारी को संभाला है और अवलोकन करने के बाद इस बारे में कुछ बता सकूंगा।
-संजय निगम, अतिरिक्त महाप्रबंधक
पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी
Created On :   3 April 2026 4:44 PM IST












