- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हद है...रेड जोन में भी हो गए अवैध...
Jabalpur News: हद है...रेड जोन में भी हो गए अवैध कब्जे, नगर निगम को फिक्र नहीं, लाेग भुगत रहे खामियाजा

- लापरवाही: सिविक सेंटर, भंवरताल पार्क हो या सिविल लाइन्स हर जगह एक जैसे हालात बने, यातायात भी हो रहा प्रभावित
- 5 हजार जुर्माना व 6 माह जेल की चेतावनी भी बेअसर
- रेड जोन में समय-समय पर अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की जाती है।
Jabalpur News: नगर निगम ने शहर में अवैध कब्जे रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण स्थलों को रेड जोन घोषित किया था। रेड जोन में बाकायदा बोर्ड लगाकर चेतावनी दी गई है कि यहां पर दुकान लगाने वालों पर 5 हजार रुपए जुर्माना लगाया जाएगा और 6 माह की जेल भी हो सकती है। हैरानी की बात ये है कि इस चेतावनी के बाद भी शहर के सिविक सेन्टर, भंवरताल, छोटी लाइन फाटक, सिविल लाइन्स में धड़ल्ले से रेड जोन में दुकानें सजा ली गई हैं। इसका खामियाजा आम नागरिक भुगत रहे हैं। यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लेकिन नगर निगम के किसी भी जिम्मेदार को इसकी परवाह नहीं है।
नगर निगम मुख्यालय के सामने ही खुलेआम कब्जा
नगर निगम मुख्यालय के सामने से सिविक सेन्टर की ओर जाने वाले मार्ग पर अवैध कब्जा कर रेड जोन में जूते की एक-दो नहीं आधा दर्जन से अधिक दुकानें लगाई जा रही हैं। वहीं सिविक सेन्टर दवा बाजार के सामने स्थित रेड जोन में चाट और खाद्य सामग्री की दुकानें लगाई जा रही हैं। इसके कारण रोज यातायात बाधित हो रहा है। नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भंवरताल: कल्चरल स्ट्रीट के पास जम गए ठेले-टपरे
नगर निगम ने भंवरताल पार्क के बाहर रेड जोन बनाया था, ताकि यहां पर लोग आराम से घूम सकें। यहां पर रानी दुर्गावती संग्रहालय और कल्चलर स्ट्रीट के रेड जोन में ही चाय-पान के ठेले और टपरे लग गए हैं। दिन भर यहां पर लोगों की भीड़ लगी रहती है। दुकानदार यहां पर गंदगी भी फैला रहे हैं। इसके कारण यहां पर खड़े होना भी मुश्किल हो रहा है।
छोटी लाइन फाटक में अराजक हालात
नगर निगम ने छोटी लाइन फाटक में रेड जोन बनाया तो है, लेकिन यहां पर अराजक हालात हैं। सब्जी और फल के ठेले लगाने वालों को रेड जोन की कोई परवाह नहीं है। यहां पर धड़ल्ले से रेड जोन में ठेले लगाए जा रहे हैं। इसके कारण रोज यहां पर जाम लग रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों की शिकायत के बाद भी यहां पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सिविल लाइन्स: रेड जोन में ही लग रहीं सब्जी की दुकानें
शहर के पॉश इलाके सिविल लाइन्स क्षेत्र में भी रेड जोन में सब्जी की दुकानें लग रही हैं। नगर निगम ने यातायात को सुगम बनाने के लिए यहां पर रेड जोन बनाया था। इसके बाद भी यहां पर धड़ल्ले से रेड जोन में दुकानें लग रही हैं। हैरान करने वाली बात यह है िक यहां से रोजाना प्रशासनिक अधिकारियों का आना-जाना होता है। इसके बाद भी रेड जोन से सब्जी की दुकानें नहीं हटाई जा रही हैं।
रेड जोन में समय-समय पर अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की जाती है। जल्द ही शहर के सभी रेड जोन से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।
- मनीष तड़से, प्रभारी अतिक्रमण शाखा
Created On :   12 Sept 2025 5:58 PM IST