Jabalpur News: पैर पसार रहीं मौसमी बीमारियां, जॉन्डिस टाइफाइड के साथ वायरल का भी अटैक

मौसम बदलते ही पनप रहे बैक्टीरिया, अस्पतालों में बढ़े मरीज

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मानसून की दस्तक के साथ ही संस्कारधानी में मौसमी बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। शहर में मौसम का बदलाव, मच्छरों का प्रकोप और दूषित खानपान लोगों को बीमार कर रहा है। स्थिति यह है कि शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों की ओपीडी और आईपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। जिला अस्पताल विक्टोरिया और नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज की ओपीडी भी इन दिनों सामान्य से अधिक है।

सुबह ओपीडी शुरू होते ही रजिस्ट्रेशन काउंटरों से लेकर डॉक्टरों के कमरों तक कतारें दिख रही हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक बीते एक हफ्ते में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिसके कारण आईपीडी में भी दबाव देखा जा रहा है।

मच्छरजनित बीमारियों का बढ़ा खतरा

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में जगह-जगह जल जमाव के कारण मच्छरों की ब्रीडिंग शुरू हो जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ सकता है। ऐसे मंे सावधानी बरतने की जरूरत है।

समस्या हो तो लें चिकित्सक की सलाह

जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. केके वर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव को देखते हुए पैरेंट्स बच्चों में खानपान का विशेष ध्यान रखें। पानी उबालकर दें और बासी भोजन से बचें। यदि तेज बुखार या उल्टी-दस्त की शिकायत हो तो खुद डॉक्टर बनने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।

मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सिलास नेल्सन ने बताया कि ओपीडी में मरीजों की संख्या बीते कुछ दिनों में बढ़ी है, सामान्य बीमारियों के अलावा टाइफाइड के मामले भी आ रहे हैं। बारिश में मच्छरजनित बीमारियां मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया आदि बढ़ती हैं, ऐसे में इनसे बचाव जरूरी है।

टाइफाइड, डायरिया और तेज बुखार के लक्षण आम

अस्पताल पहुंच रहे मरीजों में सबसे ज्यादा संख्या तेज बुखार, जॉन्डिस, टाइफाइड और डायरिया से पीड़ितों की है। डॉक्टरों का कहना है कि हवा में बढ़ी नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण बैक्टीरिया तेजी से पनप रहे हैं। इसके अलावा दूषित पानी और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से लोग पेट के इन्फेक्शन का शिकार हो रहे हैं।

Created On :   20 July 2026 2:57 PM IST

Tags

Next Story