Jabalpur News: भंडारण में रुचि नहीं दिखा रहे वेयर हाउस संचालक, अब तक बने 27 केंद्र

भंडारण में रुचि नहीं दिखा रहे वेयर हाउस संचालक, अब तक बने 27 केंद्र
तीन साल के किराए का भुगतान नहीं, सहमति न मिलने पर अधिग्रहण की कार्रवाई होगी

Jabalpur News: एक ओर धान उपार्जन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है तो वहीं दूसरी ओर वेयर हाउस संचालक प्रशासन को वेयर हाउस देने तैयार नहीं हाे रहे हैं, जिससे धान रखने को लेकर बड़ी समस्या हो सकती है। हालांकि प्रशासन का मानना है कि कुछ लोगों ने सहमति दे दी है जिससे वहां केंद्र बना दिए गए हैं और जो तैयार नहीं भी होंगे तो उनके गोदाम अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी।

बताया जाता है कि 1 दिसंबर से खरीदी शुरू की जानी है। इसके लिए प्रशासन को सबसे पहले खरीदी केंद्र बनाने की प्रक्रिया पूरी करनी है। जो अब तक पूरी हो जानी थी, मगर प्रशासन और वेयर हाउस संचालकों के बीच चल रहे विवाद के कारण यह प्रक्रिया समय रहते पूरी नहीं हाे सकी है।

प्रशासन द्वारा इस प्रयास में जुटा हुआ है कि वेयर हाउस संचालक भंडारण की सहमति प्रदान कर दें, वहीं वेयर हाउस संचालकों का मानना है कि पिछले तीन साल का भंडारण और परिवहन का उन्हें किराया नहीं मिला है, साथ ही सूखत तक का हिसाब नहीं किया गया है। वहीं पिछले कुछ समय पूर्व उनके विरुद्ध एफआईआर तक कराई गई है। इसके बाद अब वे किसी नए विवाद में नहीं पड़ना चाहते हैं।

102 केंद्र बनाए जाने हैं

बताया जाता है कि वर्तमान में जिले में 426 वेयर हाउस हैं, जिसमें से अधिकतर खाली पड़े हैं। प्रशासन द्वारा 102 खरीदी केंद्र बनाए जाने हैं। अधिकारियों की मानें तो उनके द्वारा 27 केंद्र बनाए गए हैं, मगर वहीं दूसरी ओर 47 केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। अब सवाल यह खड़े हो रहे है कि जब 27 लोगों ने ही केंद्र बनाने की सहमति दी है तो फिर अतिरिक्त 20 केंद्रों की सूची कैसे जारी कर दी गई है। वहीं दूसरी ओर इन 47 केंद्राें में भी 16 समिति स्तरीय केंद्र बनाए गए हैं जिनकी खरीदी खुले मैदान में होगी। यहां खरीदी के बाद प्रशासन के समक्ष बड़ी समस्या परिवहन से लेकर भंडारण तक की आ सकती है।

अभी तक 27 केंद्र बनाए जा चुके हैं। वेयर हाउस संचालक भी धीरे-धीरे तैयार हो रहे हैं। जरूरत पड़ने पर अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी।

एसआर निमोदा, जिला प्रबंधक, एमपीडब्ल्यूएलसी

Created On :   17 Nov 2025 6:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story