Jabalpur News: जमीन विवाद: सौतेली मां ने थमाई बंदूक, पिता ने पुत्र पर की फायरिंग

जमीन विवाद: सौतेली मां ने थमाई बंदूक, पिता ने पुत्र पर की फायरिंग
माढ़ोताल थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारी में घटना, हाथ में लगे छर्रे

Jabalpur News। माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कचनारी में बुधवार की रात जमीन को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सौतेली मां ने बंदूक उठाकर दी, तो पिता ने अपने पुत्र पर फायर कर दिया। पुत्र के हाथ में छर्रे लगे और वह जान बचाकर वहां से भागा। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी पिता व सौतेली मां के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार शिवधाम काॅलोनी निवासी आकाश पटेल उम्र 26 वर्ष ने पुलिस को बताया कि उसके पिता हेमचंद और मां का तलाक हो चुका है। तलाक के बाद पिता ने वंदना पटेल से दूसरा विवाह कर लिया था। वे कचनारी में रहते हैं और वह अलग रहता है। उसके पिता हेमचंद से सम्पत्ति विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बुधवार की रात इसी संबंध मंे बात करने के लिए हेमचंद ने बेटे आकाश को अपने घर कचनारी बुलाया था। वह अपने पिता के घर पहुंचा तो उसकी सौतेली मां वंदना उससे गाली-गलौज कर धमकाने लगी। विरोध करने पर उसके पिता ने भी धमकाते हुए केस वापस लेने के लिए कहा। इसी बीच उसकी सौतेली मां वंदना किचन से बंदूक लेकर आई और हेमचंद को थमा दी। हेमचंद ने फायर किया तो आकाश के हाथ में गोली लगी और वह जान बचाकर वहां से भागकर थाने पहुंचा। पुलिस द्वारा तत्काल उसे विक्टोरिया ले जाकर भर्ती कराया गया। मामला दर्ज कर पुलिस हेमचंद व उसकी पत्नी वंदना की तलाश में जुटी है।

Created On :   26 Jun 2025 11:39 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story