मेयर पर मनमानी का आरोप, धरना देंगे भाजपा पार्षद

मेयर पर मनमानी का आरोप, धरना देंगे भाजपा पार्षद
नगर निगम सदन की धारा-30 की बैठक बुलाने भी सौंपा पत्र

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

नगर निगम में पक्ष और विपक्ष के बीच रस्साकसी तेज हो गई है। माहौल गर्माया हुआ है। भाजपा पार्षद दल ने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू पर मनमानी का आरोप लगाया है। इस मामले में भाजपा पार्षदों ने 19 जून को नगर निगम के सामने धरना देने का निर्णय भी कर लिया है। यह निर्णय बुधवार को भाजपा पार्षद दल की बैठक में लिया गया। इसके साथ ही भाजपा पार्षदों ने बुधवार को नगर निगम सदन की धारा-30 की बैठक बुलाने के लिए निगमाध्यक्ष रिकुंज विज को पत्र भी सौंपा है। निगमाध्यक्ष श्री विज ने पत्र को विधि अधिकारी के पास भेज दिया है। नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो चुके हैं। मेयर खुली मनमानी कर रहे हैं। सफाई कर्मियों को मेयर कांग्रेस के कार्यक्रम में ले गए। नगर निगम के सुरक्षा कर्मियों को भी नेताओं की सुरक्षा में लगा दिया। बारिश शुरू होने में एक सप्ताह से भी कम समय रह गया है, लेकिन अभी तक जलप्लावन रोकने के लिए नाले और नालियों की सफाई नहीं की गई है। इससे बारिश में जलप्लावन की स्थिति बनेगी। शहर में जलसंकट छाया हुआ है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की पूरी व्यवस्था ठप हो चुकी है। पार्षद मद के एक भी काम नहीं शुरू हो पाए हैं। इस मामले में भाजपा पार्षदों ने 19 जून को नगर निगम के सामने धरना देने का निर्णय लिया है। पार्षदों ने धारा-30 के तहत नगर निगम सदन की बैठक बुलाने के लिए भी निगमाध्यक्ष को पत्र सौंपा है। बैठक में पार्षद महेश राजपूत, लवलीन आनंद, मधुबाला राजपूत, रेणु कोरी, दामोदर सोनी, संतोषी ठाकुर, अतुल जैन दानी, सुभाष तिवारी और जीतू कटारे मौजूद थे।

Created On :   15 Jun 2023 10:29 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story