वर्चस्व की लड़ाई को लेकर की बदमाश अनिराज की हत्या

माढ़ोताल में हुई अंधी हत्या का खुलासा, गैंगस्टर छोटू चौबे व उसके साथियों ने हत्या कर फेंकी थी लाश

डिजिटल डेस्क जबलपुर। माढ़ोताल पुलिस ने कुख्यात बदमाश अनिराज नायडू हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि वर्चस्व की लड़ाई को लेकर गैंगस्टर सुयश उर्फ छोटू चौबे, कामरान अली, मो. आदिल और अनुश्रेय राय ने मिलकर अनिराज की हत्या कर शव को कठौंदा तालाब में फेंक दिया था। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि मृतक अनिराज और गैंगस्टर छोटू चौबे अच्छे दोस्त थे। कुछ दिनों से अनिराज अपनी नई गैंग तैयार कर रहा था और छोटू के दुश्मनों से दोस्ती कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर छोटू चौबे ने उसकी हत्या की योजना बनाई थी। उक्त जानकारी एक पत्रवार्ता में एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने दी।

इस संबंध में बताया गया कि 1 दिसम्बर को कठौंदा प्लांट के तालाब से एक शव बरामद किया गया था। जाँच में मृतक की पहचान अनिराज नायडू निवासी रसल चौक के रूप में हुई थी। इस मामले में करीब आधा सैकड़ा मृतक के करीबियों व विरोधियों से पूछताछ की गयी, लेकिन दो संदेही कामरान अली व अनुश्रेय राय फरार थे। उनके इंदौर में होने की जानकारी लगने पर एक टीम इंदौर गयी, तो वहाँ पता चला कि दोनों संदेही जबलपुर रवाना हुए हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पाटन रोड स्थित चिंटुआ गाँव के पास दबोच लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने छोटू चौबे व मो. आदिल के साथ मिलकर अनिराज की सोते समय गोली मारकर हत्या करना व लाश को कठौंदा में फेंकना कबूल किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियों जब्त की है। वहीं मुख्य आरोपी छोटू चौबे निवासी स्नेह नगर व मो. आदिल निवासी नया मोहल्ला की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी छोटू पर महल महल में एक मामले में फरार होने पर दो हजार का इनाम घोषित किया गया था। वहीं दूसरा आरोपी अनुश्रेय राज्यस्तरीय वुशु खिलाड़ी है और कुछ समय पूर्व ही इनकी गैंग से जुड़कर बदमाशी कर रहा था।

मुंबई से प्लेन द्वारा जबलपुर आए थे आरोपी

टीआई विपिन ताम्रकार ने बताया कि वारदात के पहले किसी अन्य आपराधिक मामले में छोटू चौबे नेपाल में और कामरान मुंबई के दादर बड़ाला में फरारी काट रहे थे। उससे मिलने के लिए छोटू नेपाल से दिल्ली होते हुए मुबई पहुँचा। वहाँ पर अनिराज की हत्या की योजना बनी और फिर दोनों 16 नवंबर को मुंबई से प्लेन द्वारा जबलपुर पहुँचे थे। यहाँ आने केे बाद छोटू ने अनिराज के करीबी अनुश्रेय व मो. आदिल को वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया। वारदात के बाद छोटू, कामरान व अनुश्रेय मुंबई व मो. आदिल कहीं चला गया था।

21 नवंबर की रात की थी हत्या

पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि प्लान के मुताबिक कामरान और अनुश्रेय 21 नवंबर को अनिराज से मिले और सुबह से शराब का सेवन किया। रात में अनिराज नशे की हालत में अनुश्रेय राय के संजीवनी नगर स्थित घर पहुँचा और खाना खाकर नशे की हालत में सो गया। उसके सोने की बात अनुश्रेय ने छोटू को बताई उसके बाद रात दो बजे छोटू, मो. आदिल के साथ अनुश्रेय के घर पहुँचा और गोली मारकर अनिराज की हत्या करने के बाद कपड़े से मुँह बाँधकर लाश कठौंदा तालाब में फेंक दी थी।

Created On :   10 Jan 2024 5:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story