दोहरा हत्याकांड: पुलिस को लगातार चकमा दे रहा शातिर आरोपी, अब कर्नाटक में मिल रही लोकेशन

पुलिस को लगातार चकमा दे रहा शातिर आरोपी, अब कर्नाटक में मिल रही लोकेशन
  • सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मिलेनियम कॉलोनी में हुई थी जघन्य वारदात, अभी तक पुलिस के हाथ खाली
  • वारदात को अंजाम देने के पश्चात आरोपी ने हेड क्लर्क के शव को पन्नी में बाँधकर किचन में फेंक दिया था
  • जबलपुर पुलिस ने गोवा पुलिस से संपर्क कर उक्त लोकेशन पर छापामारी करने को कहा।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सिविल लाइन थानांतर्गत मिलेनियम कॉलोनी निवासी पिता-पुत्र की जघन्य हत्या का मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वह लगातार ठिकाने बदल रहा है।

उसके गोवा में होने की जानकारी मिलने पर जब तक पुलिस टीम वहाँ पहुँची, उसके पहले ही वह चकमा देकर यहाँ से भाग निकला। अब कर्नाटक में उसकी लोकेशन मिली है और पुलिस द्वारा वहाँ जाकर खोजबीन करने की तैयारी की जा रही है।

गौरतलब है कि कॉलोनी के 363-3 ब्लॉक में जबलपुर रेल मंडल में हेड क्लर्क के रूप में कार्यरत 52 वर्षीय राजकुमार विश्वकर्मा तथा उनके 9 वर्षीय पुत्र तनिष्क की 14 व 15 मार्च की दरमियानी रात निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी।

वारदात को अंजाम देने के पश्चात आरोपी ने हेड क्लर्क के शव को पन्नी में बाँधकर किचन में फेंक दिया था, वहीं तनिष्क के शव को कपड़े में बाँधकर फ्रिज में बुरी तरह से ठूँस दिया था।

मौके पर पहुँची पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज देखी तो यहाँ रहने वाले सेफ्टी ओएस राजपाल सिंह का बेटा अपनी स्कूटर से दोपहर करीब 12:23 बजे कॉलोनी से निकलता हुआ नजर आया था।

मुंबई के बाद पहुँचा था गोवा

जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी पहले तो पुणे से बिहार और फिर वहाँ से मुंबई चला गया था। इसके बाद वह फ्लाइट के जरिए गोवा पहुँचा और 23 मार्च को उसने अपना फोन चालू किया। इस पर पुलिस को उसकी लोकेशन मिली और तब जबलपुर पुलिस ने गोवा पुलिस से संपर्क कर उक्त लोकेशन पर छापामारी करने को कहा।

इस पर गोवा पुलिस जब तक वहाँ पहुँची इसके पूर्व ही वह मौके से भाग निकला। इस दौरान आरोपी के मुंबई और फिर वहाँ से कर्नाटक जाने की जानकारी सामने आई है।

फर्जी आईडी का कर रहा इस्तेमाल

पुलिस की मानें तो हत्याकांड का मुख्य आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। वह कभी होटल तो कभी लॉज में रुक जाता है। इस दौरान वह फर्जी आईडी का भी उपयोग कर रहा है, ताकि कोई भी उसे पहचान न सके।

इतना ही नहीं पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने अपना हुलिया तक बदल लिया है, ताकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उसकी तस्वीरों से वह बिल्कुल अलग नजर आए और कोई भी आसानी से उसे पहचान न सके।

इस बीच पुलिस द्वारा अब मुख्य आरोपी की तलाश करने के लिए कर्नाटक पहुँचने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

Created On :   30 March 2024 12:22 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story