अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, जीजा की मौत, साला घायल

अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, जीजा की मौत, साला घायल
शहपुरा थाना क्षेत्र में घंसौर के पास हुआ हादसा


डिजिटल डेस्क जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र में ग्राम घंसौर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार जीजा, साले गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में जीजा की मौत हो गयी, वहीं साले को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मर्ग कायम कर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पतासाजी के प्रयास शुरू किए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कनवार पिपरिया निवासी 39 वर्षीय निरंजन चौधरी अपने साले अजय अहिरवार के साथ बाइक से शनिवार को रिश्तेदारी में खारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भेड़ाघाट आए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह घंसौर के पास पहुँचा तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान आसपास खेतों में काम करने वाले मजदूर मदद के लिए दौड़े लेकिन तब तक एक घायल ने दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज आरोपी वाहन चालक की पतासाजी केे प्रयास शुरू किए।

कार की टक्कर से बाइक सवार घायल

कटंगी थाना क्षेत्र में कार की टक्कर लगने से बाइक सवार 3 युवक घायल हो गये। जानकारी के अनुसार नाहन देवी में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे माढ़ोताल क्षेत्र में रहने वाले बाइक सवार विकास यादव, राजकुमार गोंड व राजेंद्र कोष्टा ग्राम कुसली के पास गुटखा खाने के लिए रुके, उसी दौरान कार क्रमांक एमपी 20 सीई 0798 के चालक ने लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों घायल हो गये और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Created On :   14 Jan 2024 6:24 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story