विपक्ष पर निशाना: आठवले ने कहा - एसआईआर में 13 करोड़ वोट काटे जाने का दावा पूरी तरह भ्रामक

आठवले ने कहा - एसआईआर में 13 करोड़ वोट काटे जाने का दावा पूरी तरह भ्रामक
  • एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों को भ्रामक बताया
  • 13 करोड़ वोट काटे जाने का दावा पूरी तरह असत्य

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि 13 करोड़ वोट काटे जाने का दावा पूरी तरह असत्य है।

आठवले ने मंगलवार को यहां कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में मृत, अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की प्रविष्टियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत चिन्हित किया गया है। इन प्रविष्टियों का चिन्हित होना अंतिम मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का प्रमाण नहीं है तथा पात्र मतदाताओं को दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार लगभग 13 करोड़ नाम विभिन्न श्रेणियों में चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 2.8 करोड़ मृत, 3 करोड़ अनुपस्थित/लापता, 6.3 करोड़ स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा लगभग 1 करोड़ दोहरी प्रविष्टियां शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं के पदों पर आसीन व्यक्तियों के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों से बचना चाहिए। उन्हें डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जी के विचारों का अनुसरण करते हुए युवाओं के अधिकारों एवं न्याय के लिए सकारात्मक और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।

आठवले ने देशवासियों से अपील की कि वे एसआईआर को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों से सावधान रहें तथा मतदाता सूची से संबंधित जानकारी के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक सूचना तंत्र पर ही भरोसा करें।

Created On :   6 Oct 2026 6:53 PM IST

Tags

Next Story