चुनावी रणनीति: पुणे शिक्षक और स्नातक सीट पर भाजपा ने उतारे उम्मीदवार, महायुति में बढ़ेगा टकराव!

पुणे शिक्षक और स्नातक सीट पर भाजपा ने उतारे उम्मीदवार, महायुति में बढ़ेगा टकराव!
  • शिक्षक सीट से शिंदे गुट के मंगेश चिवटे का कल पर्चा दाखिल करने का दावा
  • भाजपा ने कौस्तुभ गावडे को बनाया प्रत्याशी
  • 6 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव को लेकर महायुति के भीतर सियासी खींचतान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। भाजपा ने रविवार को तीन विधान परिषद सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने पुणे विभाग से स्नातक सीट से डॉ. स्मिता जाधव, नागपुर विभाग स्नातक सीट से सुधाकर कोहले और पुणे विभाग की शिक्षक सीट से कौस्तुभ गावडे को उम्मीदवार बनाया है। सबसे ज्यादा चर्चा पुणे शिक्षक सीट को लेकर हो रही है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करीबी माने जाने वाले शिवसेना (शिंदे) नेता मंगेश चिवटे पहले ही इस सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। ऐसे में भाजपा द्वारा कौस्तुभ गावडे को मैदान में उतारने से महायुति के भीतर ही टकराव की संभावना बढ़ गई है।

पुणे शिक्षक सीट को लेकर महायुति के तीनों घटक दलों भाजपा, शिवसेना (शिंदे) और राकांपा (अजित) के बीच दावेदारी को लेकर पहले से ही चर्चा चल रही थी। अजित गुट की ओर से भी इस सीट पर दावा किए जाने की बात सामने आई थी। अब भाजपा के उम्मीदवार की घोषणा के बाद सहयोगी दलों के सामने अपनी रणनीति तय करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

6 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख

विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या महायुति के घटक दल भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावडे के समर्थन में एकजुट होंगे या मंगेश चिवटे समेत अन्य दावेदार मैदान में बने रहेंगे। यदि सहयोगी दलों के बीच सहमति नहीं बनती है, तो पुणे शिक्षक सीट पर महायुति के ही घटक आमने-सामने दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में यह चुनाव सिर्फ भाजपा बनाम विपक्ष नहीं, बल्कि महायुति के भीतर ताकत के प्रदर्शन का भी बड़ा मंच बन सकता है।

Created On :   4 Oct 2026 10:08 PM IST

Tags

Next Story