महाराष्ट्र: सूखा, किसान संकट और चुनाव आयोग के मुद्दे पर सियासी हलचल तेज, पटोले ने राहुल गांधी से दौरे की मांग की, ठाकरे बंधुओं का 4 अक्टूबर को महामोर्चा

सूखा, किसान संकट और चुनाव आयोग के मुद्दे पर सियासी हलचल तेज, पटोले ने राहुल गांधी से दौरे की मांग की, ठाकरे बंधुओं का 4 अक्टूबर को महामोर्चा
  • पटोले ने राहुल गांधी को सौंपा पत्र, सूखा प्रभावित किसानों से मिलने का किया आग्रह
  • भायखला की जगह अब मेट्रो सिनेमा से निकलेगा राज-उद्धव का संयुक्त महामोर्चा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में किसानों की समस्याओं और सूखे की स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित जिलों का दौरा करने की अपील की है। वहीं, दूसरी ओर केंद्रीय चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में 4 अक्टूबर को प्रस्तावित संयुक्त महामोर्चे के मार्ग में बदलाव किया गया है। अब यह मोर्चा भायखला के बजाय मेट्रो सिनेमा से शुरू होकर बीएमसी मुख्यालय तक पहुंचेगा। पटोले ने गुरुवार को गोंदिया हवाई अड्डे पर राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा। उन्होंने विदर्भ और मराठवाड़ा सहित महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने का आग्रह किया। पटोले ने कहा कि किसानों को सूखा, अत्यधिक बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। खेत सूखने के साथ किसानों पर कर्ज का बोझ और परिवार के भविष्य की चिंता भी बढ़ रही है। पटोले ने राहुल गांधी से किसानों के लिए आर्थिक सहायता, फसल नुकसान का उचित मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिलाने के मुद्दे को केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने का आग्रह किया। साथ ही सिंचाई, पेयजल, पशुओं के लिए चारा और आगामी रबी सीजन के लिए किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। राहुल गांधी ने पटोले से कहा कि वे इस संबंध में जल्द बताएंगे।

मेट्रो सिनेमा से शुरू होगा ठाकरे बंधुओं का मार्च

दूसरी ओर, राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में 4 अक्टूबर को होने वाले संयुक्त महामोर्चे के मार्ग में बदलाव किया गया है। पहले यह मोर्चा भायखला से शुरू होकर बीएमसी तक प्रस्तावित था। अब मोर्चा मेट्रो सिनेमा से शुरू होगा और मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय के सामने पहुंचेगा। यहां मोर्चे को सभा में तब्दील किए जाने की तैयारी है।

राज्यभर से कार्यकर्ताओं के मुंबई पहुंचने की तैयारी

मनसे और शिवसेना (उद्धव) पक्ष के कार्यकर्ताओं के साथ राज्य के विभिन्न हिस्सों से समर्थकों के मुंबई पहुंचने की संभावना है। रविवार सुबह करीब 10 बजे से कार्यकर्ताओं के जुटने की शुरुआत होगी और करीब 11 बजे संयुक्त मोर्चा शुरू होने की संभावना है। बीएमसी मुख्यालय के सामने होने वाली सभा में राज ठाकरे, उद्धव ठाकरे सहित दोनों दलों के प्रमुख नेताओं के संबोधित करने की संभावना है।

Created On :   2 Oct 2026 9:41 PM IST

Tags

Next Story