महाराष्ट्र: फिल्म सिटी के विस्तार से लेकर मराठी फिल्म महोत्सव और नए खुले जेल तक सरकार के तीन बड़े फैसले

फिल्म सिटी के विस्तार से लेकर मराठी फिल्म महोत्सव और नए खुले जेल तक सरकार के तीन बड़े फैसले
  • मानखुर्द में फिल्म सिटी को आउटडोर शूटिंग के लिए 14 एकड़ सरकारी जमीन मंजूर
  • मराठी फिल्म महोत्सव-2026 के आयोजन के लिए 4.89 करोड़ रुपये की निधि स्वीकृत
  • चालीसगांव में 300 कैदियों की क्षमता वाला नया खुला जेल बनाने को सरकार की मंजूरी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र सरकार ने फिल्म निर्माण, सांस्कृतिक गतिविधियों और जेल व्यवस्था से जुड़े तीन महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। राजस्व विभाग ने गोरेगांव स्थित दादासाहेब फालके फिल्म सिटी को आउटडोर शूटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मानखुर्द में करीब 14 एकड़ सरकारी जमीन मंजूर की है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर के मराठी फिल्म महोत्सव-2026 के आयोजन के लिए 4 करोड़ 89 लाख रुपये की निधि स्वीकृत की गई है। वहीं जलगांव के चालीसगांव में 300 कैदियों की क्षमता वाला नया खुला जेल बनाने को भी मंजूरी दी गई है।

प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के अनुसार, मानखुर्द के सर्वे क्रमांक 138 और उससे सटी करीब 14 एकड़ जमीन सांस्कृतिक कार्य विभाग को दी गई है। विभाग यह जमीन फिल्म सिटी को उपलब्ध कराएगा। इससे फिल्म निर्माताओं को आउटडोर शूटिंग के लिए नई सुविधा मिल सकेगी। जमीन का कब्जा मिलने के तीन साल के भीतर स्वीकृत उद्देश्य के लिए उसका उपयोग करना अनिवार्य होगा। साथ ही जमीन को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सांस्कृतिक कार्य विभाग की होगी।

राज्य सरकार ने गोरेगांव स्थित महाराष्ट्र फिल्म, रंगभूमि तथा सांस्कृतिक विकास महामंडल को चित्रपटाक्का मराठी फिल्म महोत्सव-2026 के आयोजन के लिए 4.89 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह महोत्सव 12 से 15 नवंबर के बीच प्रभादेवी स्थित पी.एल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी में आयोजित किया जाएगा।

इसी बीच गृह विभाग ने जलगांव के चालीसगांव में 300 कैदियों की क्षमता वाला नया खुला जेल बनाने को मंजूरी दी है। इसमें कैदी बैरक के साथ अधिकारी-कर्मचारी आवास और अन्य सुविधाएं होंगी। निर्माण महाराष्ट्र राज्य आधारभूत सुविधा विकास महामंडल के माध्यम से किया जाएगा। जलगांव के मौजूदा जिला जेल की क्षमता 274 कैदियों की है, जबकि 31 जुलाई 2026 तक वहां 474 कैदी थे।

Created On :   2 Oct 2026 8:59 PM IST

Tags

Next Story