Maharashtra Politics: मुंबई में CJP के प्रोटेस्ट पर CM फडणवीस का रिएक्शन, कॉकरोच के आंदोलन को बताया फेक नैरेटिव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रोटेस्ट पर अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि वो पहले ही बता देना चाहते हैं कि अब सारा पर्दाफाश हो चुका है। तीनों चुनाव आयुक्तों ने फेक नैरेटिव को खत्म कर दिया है। लेकिन इसके बावजूद इस फेक नैरेटिव को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। वह इसमें सफल नहीं होने वाले। मालूम हो कि मुंबई की शिवाजी पार्क में सीजेपी ने शुक्रवार को 4 बजे से विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है।
सीजेपी के प्रोटेस्ट पर शिंदे गुट ने साधा निशाना
सीजेपी के प्रोटेस्ट पर बीजेपी के सहयोगी दल शिवसेना (शिंदे गुट) ने भी हमला बोला है। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि आज तथाकथित वोट चोरी के नाम पर फर्जी नैरेटिव तैयार करने के लिए विपक्ष की तरफ से राजनीतक नौटंकी हो रही थी उसका लोकतंत्र या संविधान बचाने से कुछ लेना देना नहीं है।
शिवसेना नेता ने आगे कहा कि अपनी राजनीति को बचाने के लिए विपक्षी पार्टियों ने ये तथाकथित आंदोलन घोषित किया है। विपक्ष कह रहा है कि तेरह करोड़ लोगों के नाम काट दिए गए। अगर ये बात सही है तो आज शिवाजी पार्क और जंतर मंतर पर कम से कम 10 फीसदी लोग तो आएंगे। लेकिन इनके आंदोलनों में इनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के अलावा और कोई नहीं दिखता है। वो भी संख्या बहुत थोड़ी है। इसका मतलब है कि वोट चोरी का जो आरोप है वो पूरी तरह से फर्जी है।
सीजेपी ने एक्स पर किया पोस्ट
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने एक्स पोस्ट में कहा कि शिवाजी पार्क में चारों तरफ तिरंगा दिख रहा है। इस बार गांधी जयंती पर मुंबई में इतिहास दोबारा लिखा जाएगा। विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस द्वारा प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद सीजेपी ने प्रदर्शन का आह्वान किया है। मध्य मुंबई में दादर स्टेशन और शिवाजी पार्क मैदान के आसपास सुरक्षा कड़ी की है। एक अधिकारी ने बताया कि किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और अन्य एजेंसियों के सुरक्षा कर्मियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि शिवाजी पार्क की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर व्यापक स्तर पर बैरिकेड भी लगाए गए हैं।
Created On :   2 Oct 2026 4:45 PM IST












