Rajya Sabha Election News: 'जो रास्ता भटक गए थे, उनके लिए सपा के दरवाजे खुले', राज्यसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने पुराने बागियों को दिया बड़ा संदेश

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। राज्यसभा चुनाव के बहाने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने विपक्षी दलों और पुराने बागियों को एकसाथ आने का मैसेज दिया है। उन्होंने शुक्रवार को एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव से पहले एकसाथ आने का समय है। उनकी पार्टी सारी गलतियों को भूलने के लिए तैयार है। जिन्हें लगता है कि लोकतंत्र और संविधान को बचाना है, वे उनके साथ आ सकते हैं।
यह भी पढ़े -राज्यसभा चुनाव से पहले BJP के लिए सिर दर्द बन रहे अखिलेश यादव! क्या क्रॉस वोटिंग के समय होगा बड़ा खेला
राज्यसभा चुनाव से पहले मिलन का समय
अखिलेश यादव ने बताया कि जो साथी पहले रास्ता भटक गए थे और अब दोबारा उनके साथ आना चाहते हैं, उनके लिए सपा के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने बताया कि देश में महंगाई बढ़ रही है और पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का काम किया जा रहा है। ऐसे में राज्यसभा चुनाव से पहले मिलन का समय आ गया है। साथ ही बताया कि पुरानी बातें भूलकर साथ आना बेहद जरूरी है।
सरकार पर साधा निशाना
सपा प्रमुख ने लखनऊ के गोमती नदी के किनारे वाले इलाकों में लगातार कई दिनों से जलभराव की खबरें सामने आने को लेकर सरकार पर हमला करते हुए कहा कि गोमती किनारे बसे लोगों को जलभराव की वजह से कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पानी सिर्फ लोगों के घरों के बाहर ही नहीं, बल्कि भीतर तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि इस समस्या का निदान करने के बजाय सरकार सो रही है। साथ ही बताया कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने स्मार्ट सिटी बनाने और नदी को स्वच्छ करने के लिए बड़ा बजट जारी किया था। लेकिन बजट पूरा हो गया और काम अधूरा है।
विधानसभा चुनाव पर क्या बोले?
यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव पर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि जिस गठबंधन ने पहले भाजपा को हराया था, उसी को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि देश के पास बेहद शानदार लोकतंत्र और संविधान है, जिसको बचाने के लिए सभी साथियों को एकसाथ आने की जरूरत है। साथ ही विपक्षी साथियों से अपने पुराने मतभेद भुलाकर एकसाथ आने की अपील की।
Created On :   2 Oct 2026 5:25 PM IST










