कार्रवाई: अभिनेता अक्षय कुमार की बहन का फ्लैट हथियाने के आरोप में मनसे विभाग अध्यक्ष गिरफ्तार

अभिनेता अक्षय कुमार की बहन का फ्लैट हथियाने के आरोप में मनसे विभाग अध्यक्ष गिरफ्तार
  • गणेश चुक्कल पर फर्जी लीज डीड तैयार कर षड्यंत्र का आरोप
  • जाली दस्तावेजों के सिंडिकेट पर नजर

डिजिटल डेस्क, मुंबई. अभिनेता अक्षय कुमार की बहन अलका भाटिया उर्फ अलका हीरानंदानी के साथ जालसाजी का मामला सामने आया है। पवई पुलिस ने हीरानंदानी कॉम्प्लेक्स में स्थित उनके एक फ्लैट को जाली दस्तावेजों के जरिए हथियाने के आरोप में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के विभाग अध्यक्ष गणेश अर्जुन चुक्कल (46) को गिरफ्तार किया है। चुक्कल को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां उसे 5 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार हीरानंदानी ग्रुप की डायरेक्टर अलका भाटिया का हीरानंदानी काम्प्लेक्स के ओडोनियो बिल्डिंग में फ्लैट है। आरोप है कि गणेश चुक्कल ने इस फ्लैट पर कब्जा जमाने की नीयत से अलका के जाली दस्तखत तैयार किए। इसके बाद उसने अलका की बिना सहमति के 30 साल की अवधि का एक फर्जी लीज डीड तैयार करवा लिया।

जाली दस्तावेजों के सिंडिकेट पर नजर

पवई पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस यह भी जांच रही है कि लीज डीड का स्टाम्प और नोटरी किस तरह से तैयार कराई गई और क्या आरोपी ने इसी तरह से अन्य संपत्तियों में भी जाली दस्तावेजों के दम पर हेरफेर करने की कोशिश की है।

Created On :   2 Oct 2026 9:34 PM IST

Tags

Next Story